छठ के पारण के साथ संपन्न हुआ चार दिवसीय महापर्व, गयाजी के फल्गु तट पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब

0
IMG-20261116-WA0004
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 16 नवम्बर 2026,


गयाजी। लोक आस्था, त्याग और सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने और पारण के साथ संपन्न हो गया। इस अवसर पर गयाजी के ऐतिहासिक फल्गु नदी तट से लेकर जिले के विभिन्न तालाबों और जलाशयों तक श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। घाटों पर आस्था का ऐसा नजारा देखने को मिला कि सुबह होते-होते इंच-इंच जगह श्रद्धालुओं से भर गई।

अंतिम अर्घ्य को लेकर रात से ही व्रतियों और श्रद्धालुओं का घाटों पर पहुंचना शुरू हो गया था। सुबह करीब तीन बजे से ही लोग सूप, नारियल, फल और पूजन सामग्री लेकर घाटों की ओर निकलने लगे थे। जैसे-जैसे सुबह हुई, श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती चली गई। चारों तरफ छठी मैया के पारंपरिक गीत और भगवान भास्कर के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

उगते सूर्य की पहली किरण दिखाई देते ही व्रतियों ने जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि एवं संतान की लंबी उम्र की कामना की। चार दिनों की कठिन तपस्या पूरी होने पर व्रतियों के चेहरे पर संतोष और श्रद्धा का भाव साफ दिखाई दे रहा था।

प्रशासन भी रहा पूरी तरह मुस्तैद

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा एवं व्यवस्था पर विशेष नजर रखी गई। प्रमुख घाटों और रास्तों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रही। भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासनिक कर्मी सक्रिय दिखाई दिए। स्थानीय युवाओं और स्वयंसेवी संगठनों ने भी घाटों पर व्यवस्था बनाने में सहयोग किया।

श्रद्धालुओं ने बताया आस्था और परिवार के मिलन का पर्व

घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने कहा कि छठ उनके लिए महज पूजा नहीं, बल्कि परिवार, परंपरा और विश्वास से जुड़ा महापर्व है। एक महिला व्रती ने अपनी भावना व्यक्त करते हुए कहा कि चार दिनों की तपस्या के बाद उगते सूर्य को अर्घ्य देना अद्भुत संतोष प्रदान करता है। वहीं, एक युवा श्रद्धालु ने कहा कि छठ के दौरान जिस तरह पूरा समाज एकजुट होकर सफाई और व्यवस्था में सहयोग करता है, वही भावना पूरे साल बनी रहनी चाहिए।

एक बुजुर्ग श्रद्धालु ने कहा कि छठ हमारी पीढ़ियों से चली आ रही परंपरा है। आने वाली पीढ़ियां भी इसी श्रद्धा और पवित्रता के साथ इसे मनाती रहें, यही कामना है।

छठ के पारण के साथ ही घाटों पर उमड़ी भीड़ धीरे-धीरे अपने घरों की ओर लौटने लगी। हालांकि, चार दिनों तक दिखाई देने वाली आस्था, अनुशासन, स्वच्छता और भाईचारे की तस्वीर लोगों के मन में लंबे समय तक बनी रहेगी।

गयाजी के फल्गु तट से लेकर जिले के विभिन्न जलाशयों तक उमड़ा यह जनसैलाब एक बार फिर छठ की व्यापक लोक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का साक्षी बना। अब श्रद्धालुओं को अगले वर्ष इसी उत्साह और श्रद्धा के साथ छठ महापर्व के आगमन का इंतजार रहेगा।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page