गया में विकास मित्र शंकर मांझी हत्याकांड का खुलासा, तीन और आरोपी गिरफ्तार; पिस्टल व कारतूस बरामद

0
IMG-20261103-WA0010
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 03 नवंबर 2026,


गयाजी। जिला पुलिस ने डेल्हा थाना क्षेत्र में विकास मित्र शंकर मांझी की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन और अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया एक लोडेड पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक कुल छह अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 4 अक्टूबर 2026 को डेल्हा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि पूर्व से चले आ रहे विवाद के कारण विकास मित्र शंकर मांझी की प्रार्थना कर लौटने के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मामले में डेल्हा थाना कांड संख्या 294/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और नगर पुलिस उपाधीक्षक-02 के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल और तकनीकी टीम की भी मदद ली गई।

औरंगाबाद में छिपे थे आरोपी

अनुसंधान के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि हत्याकांड में शामिल कुछ आरोपी औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत महमदपुर गांव में अपने नानी के घर छिपे हुए हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान बंटी उर्फ राइडर और डाभ उर्फ ओमकार, दोनों निवासी अंदर बैरागी, थाना डेल्हा, जिला गयाजी के रूप में हुई।

दोनों से पूछताछ और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने तीसरे आरोपी शक्ति कुमार, निवासी तिनेरी, थाना गुरारू, जिला गयाजी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बंटी उर्फ राइडर की निशानदेही पर एक लोडेड पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए।

बंटी उर्फ राइडर का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार, बंटी उर्फ राइडर के खिलाफ डेल्हा थाना में वर्ष 2021 से 2026 तक मारपीट, लूट, मद्य निषेध, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। इसके अतिरिक्त गया जीआरपी में भी उसके खिलाफ मामला दर्ज होने की जानकारी दी गई है।

वहीं, गिरफ्तार आरोपी शक्ति कुमार के खिलाफ गुरारू थाना में वर्ष 2023 का चोरी से संबंधित मामला और वर्ष 2024 में हत्या से संबंधित मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

गौरतलब है कि इस हत्याकांड में पुलिस पहले ही तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। ताजा कार्रवाई में तीन और गिरफ्तारियों के बाद अब तक कुल छह आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page