गया कॉलेज में शिक्षक शिक्षा की कक्षा-संबंधी चुनौतियों पर एक दिवसीय सेमिनार आयोजित

0
IMG-20261103-WA0008
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 03 नवंबर 2026,

गयाजी। गया कॉलेज, गयाजी के शिक्षा शास्त्र विभाग एवं टीचर ट्रेनिंग कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को “शिक्षक शिक्षा में कक्षा-संबंधी उभरती चुनौतियाँ” विषय पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। इसमें शिक्षकों और शिक्षा प्रशिक्षुओं ने वर्तमान कक्षा शिक्षण की चुनौतियों, आधुनिक तकनीक तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया।

आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और तकनीक के उपयोग पर जोर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य प्रो. सतीश सिंह चंद्र ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षक शिक्षा का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। कक्षा शिक्षण के सामने कई नई चुनौतियां हैं। ऐसे में शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, तकनीकी संसाधनों और नवाचारों से अवगत होना जरूरी है। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में शिक्षक की सक्रिय भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

इंजीनियर अवधेश कुमार ने कहा कि तकनीकी युग में शिक्षकों को डिजिटल संसाधनों और आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल में दक्ष होना चाहिए। इनके प्रभावी उपयोग से शिक्षण प्रक्रिया को अधिक रोचक और प्रभावशाली बनाया जा सकता है।

विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुसार बदलनी होगी शिक्षण रणनीति

डॉ. रवींद्र कुमार ने शिक्षक शिक्षा में गुणवत्ता बनाए रखने को एक बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की अलग-अलग क्षमताओं, रुचियों और सीखने की जरूरतों को ध्यान में रखकर शिक्षकों को अपनी शिक्षण रणनीति में बदलाव करना चाहिए। उन्होंने व्यावहारिक ज्ञान, कौशल विकास और प्रशिक्षण आधारित शिक्षा पर जोर दिया।

वहीं, शिक्षा शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. धनंजय धीरज ने कहा कि वर्तमान कक्षा शिक्षण में विद्यार्थियों की विविधता, अनुशासन, समावेशी शिक्षा और तकनीकी बदलाव जैसी कई चुनौतियां सामने आ रही हैं। एक प्रभावी शिक्षक वही है, जो प्रत्येक विद्यार्थी की व्यक्तिगत आवश्यकताओं को समझकर उसे सीखने का समान अवसर प्रदान करे। उन्होंने शिक्षक प्रशिक्षण में नवाचार, रचनात्मकता, आलोचनात्मक चिंतन और व्यावहारिक अनुभव को शामिल करने की आवश्यकता बताई।
एमएड और बीएड प्रशिक्षुओं ने लिया हिस्सा

कार्यक्रम का स्वागत भाषण इंटर्नशिप कोऑर्डिनेटर अमरेंद्र कुमार ने दिया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन इंटर्नशिप कोऑर्डिनेटर निखत परवीन ने किया। कार्यक्रम का संचालन मनीषा कुमारी एवं अभिषेक कुमार ने किया। कार्यक्रम के कोऑर्डिनेटर अभिनव मुकुंद एवं प्रिया कुमारी रहे।

इस अवसर पर एमएड के विद्यार्थियों और बीएड प्रशिक्षुओं के साथ शिक्षा शास्त्र विभाग के शिक्षक डॉ. मोहम्मद सदरे आलम, डॉ. आर.एन. प्रियदर्शनी, श्री अजय शर्मा सहित शिक्षकेत्तर कर्मचारी मुजाहिद इमाम, अहमद, अश्वनी कुमार, संगीता राय, ताजवर नाज, मोहम्मद साबिर अली एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

सेमिनार के माध्यम से भावी शिक्षकों को कक्षा शिक्षण की समकालीन चुनौतियों को समझने और उनके समाधान के लिए नए एवं व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाने का अवसर मिला।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page