सीयूएसबी के दो विद्यार्थियों ने इंडोनेशिया के बाली में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में प्रस्तुत किए शोधपत्र
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 03 नवंबर 2026,
गयाजी। दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के ऐतिहासिक अध्ययन एवं पुरातत्व विभाग के दो विद्यार्थियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। परास्नातक (इतिहास) के विद्यार्थी अदिति सिन्हा और अमन कुमार ने इंडोनेशिया के बाली में आयोजित छठे एशिया-पैसिफिक कांफ्रेंस (APCONF-MUCH-2026) में अपने शोधपत्र प्रस्तुत किए।
गयाजी के पितृपक्ष मेले और पटना के घाटों पर शोध
सम्मेलन का आयोजन इंडोनेशिया के समुद्री मामलों एवं मत्स्य मंत्रालय की ओर से ‘मैरीटाइम एंड कल्चरल हेरिटेज’ विषय पर किया गया। इस वर्ष सम्मेलन की थीम ‘Traditions and Trajectories: Maritime Heritage and Blue Economy in Asia-Pacific’ रही।
इसमें अदिति सिन्हा ने गयाजी के पितृपक्ष मेले में धार्मिक अनुष्ठानों, पौराणिक मान्यताओं और सांस्कृतिक परंपराओं पर शोधपत्र प्रस्तुत किया। वहीं, अमन कुमार ने पटना के घाटों की नदी आधारित विरासत और उनसे जुड़े समुदायों पर अपना शोध प्रस्तुत किया।
कुलपति ने दी बधाई
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने दोनों विद्यार्थियों को इस उपलब्धि पर बधाई दी। इतिहास विभाग के अध्यक्ष प्रो. सुधांशु कुमार झा, मेंटर डॉ. रोहित कुमार, डॉ. नीरज कुमार सिंह सहित विभाग के अन्य शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की।
विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि सम्मेलन के आयोजकों की ओर से दोनों विद्यार्थियों को आने-जाने और ठहरने की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई गई थी।
