गणित-विज्ञान की प्रतिभाओं को मिलेगा राज्यस्तरीय मंच, गया अभियंत्रण महाविद्यालय ने चलाया जागरूकता अभियान
आर्यावर्त वाणी | गयाजी/खिजरसराय | 03 नवंबर 2026,
गयाजी/खिजरसराय। ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों में गणित और विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने तथा उनकी प्रतिभा को राज्यस्तरीय मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गया अभियंत्रण महाविद्यालय की ओर से खिजरसराय के विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाया गया।
विद्यालयों में पहुंची प्राध्यापकों की टीम
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. द्वारिका दास नीमा के निर्देश पर प्राध्यापकों की टीम ने खिजरसराय के विभिन्न विद्यालयों का दौरा किया। टीम में डॉ. मो. नेसार अहमद, डॉ. योगेन्द्र कुमार सिंह एवं डॉ. सुरेश कुमार शामिल रहे।
प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए किया प्रेरित
अभियान के दौरान प्रोजेक्ट शिवा कन्या प्लस-2 उच्च विद्यालय, यशवंत उच्च विद्यालय, उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय और मध्य विद्यालय खिजरसराय सहित अन्य विद्यालयों में विद्यार्थियों को राज्यस्तरीय राष्ट्रीय गणित दिवस 2026 एवं राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 2027 के अवसर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं की जानकारी दी गई।
प्राध्यापकों ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का राज्यस्तरीय अवसर मिलेगा। उन्होंने छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन पंजीकरण कर प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।
वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देने का उद्देश्य
अभियान के दौरान शिक्षकों से भी अधिक से अधिक प्रतिभावान विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित कराने की अपील की गई। महाविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, गणितीय समझ और नवाचार की भावना विकसित करना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिल सके।
