दुर्गा पूजा को लेकर गयाजी में 664 स्थानों पर 739 पदाधिकारी तैनात, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध; अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

0
Screenshot_2026_1017_231116
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 17 अक्टूबर 2026

गयाजी। दुर्गा पूजा-2026 के शांतिपूर्ण एवं सद्भावपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शनिवार को पुलिस लाइन, गयाजी में जिलाधिकारी शशांक शुभंकर और वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग हुई। जिले में कुल 664 स्थानों को चिह्नित कर 739 दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

चार अनुमंडलों में सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था

प्रशासन के अनुसार, सदर अनुमंडल में 316 स्थानों पर 391 पदाधिकारी, नीमचक बथानी में 47 स्थानों पर 47, टिकारी में 91 स्थानों पर 91 और शेरघाटी में 210 स्थानों पर 210 पदाधिकारी तैनात किए गए हैं। अधिकारियों को समय पर ड्यूटी स्थल पर पहुंचने और पूरी जिम्मेदारी के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है।

डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, विवादित गानों पर रहेगी नजर

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि दुर्गा पूजा के दौरान डीजे किसी भी परिस्थिति में नहीं बजेगा। ध्वनि प्रदूषण से संबंधित निर्धारित मानकों का पालन कराना अनिवार्य होगा। पूजा पंडालों में बजाए जाने वाले गानों की संबंधित पदाधिकारियों से जांच कराने और विवादित गानों पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया है। पूजा एवं विसर्जन जुलूस के लिए जारी लाइसेंस की शर्तों का भी सख्ती से पालन कराना होगा।

भीड़ नियंत्रण के लिए सीसीटीवी, ड्रोन और वीडियोग्राफी

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात प्रबंधन और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सदर अनुमंडल के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में 24 स्थानों पर वीडियोग्राफर, 27 स्थानों पर वॉच टावर, बैरिकेडिंग एवं ड्रॉप गेट तथा 25 स्थानों पर हाई-रेजोल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन से निगरानी भी की जाएगी।

जिलाधिकारी ने पूजा पंडालों में प्रवेश और निकास की समुचित व्यवस्था, प्रकाश, पेयजल, चिकित्सा, अग्निशमन, विद्युत सुरक्षा और बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। विसर्जन मार्गों एवं घाटों पर सीसीटीवी, रोशनी और वीडियोग्राफी की व्यवस्था के साथ नदी, तालाब और पोखर में गोताखोरों की तैनाती करने को कहा गया है।

ड्यूटी में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

जिलाधिकारी ने कहा कि उत्कृष्ट भीड़ प्रबंधन और विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियंत्रण कक्ष के माध्यम से प्रत्येक दो घंटे पर पदाधिकारियों की उपस्थिति की जानकारी ली जाएगी। इसके अलावा अलग टीम भी तैनाती स्थलों पर जाकर उपस्थिति की जांच करेगी। अनुपस्थित पाए जाने वाले पदाधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

अफवाह फैलाने वालों और हुड़दंग करने वालों पर सख्ती

वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने हुड़दंग करने वालों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने या अफवाह फैलाने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का साइबर सेल, आईटी सेल और सोशल मीडिया विंग फेसबुक, व्हाट्सऐप ग्रुप, वेब पोर्टल और यूट्यूब चैनलों पर प्रसारित सामग्री की निगरानी करेगा। भ्रामक सामग्री पोस्ट करने या साझा करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। ग्रुप एडमिन को भी अपने समूह में भ्रामक सामग्री प्रसारित होने से रोकने के प्रति सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।

24 घंटे सक्रिय रहेगा जिला नियंत्रण कक्ष

दुर्गा पूजा के दौरान जिला नियंत्रण कक्ष तीन पालियों में 24 घंटे संचालित रहेगा। किसी भी घटना या सूचना की जानकारी तत्काल वरीय अधिकारियों तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया है।

जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर: 0631-2222253 / 0631-2222259

प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को हेलमेट और बॉडी प्रोटेक्टर के साथ ड्यूटी करने तथा मोबाइल फोन चालू रखकर कॉल का तुरंत जवाब देने का निर्देश दिया गया है।

बिना लाइसेंस प्रतिमा स्थापना की अनुमति नहीं

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना लाइसेंस किसी भी प्रतिमा की स्थापना की अनुमति नहीं होगी। पूजा पंडालों में पर्याप्त स्वयंसेवक, प्रवेश-निकास द्वार, अग्नि सुरक्षा, मजबूत पंडाल निर्माण, विद्युत तारों की जांच, सीसीटीवी, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था अनिवार्य होगी।

संयुक्त ब्रीफिंग में नगर पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, विभिन्न पुलिस उपाधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page