डोभी चेकपोस्ट पर डीसीएम ट्रक से 2,610 लीटर विदेशी शराब जब्त, हिमाचल प्रदेश का युवक गिरफ्तार
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 10 अक्टूबर 2026
गयाजी। बिहार में शराबबंदी के बीच गयाजी जिले के डोभी स्थित समेकित जांच चौकी पर मद्यनिषेध विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक डीसीएम ट्रक से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है। ट्रक में तिरपाल और प्लास्टिक से छिपाकर रखी गई शराब की 296 कार्टन जब्त की गईं। इस मामले में हिमाचल प्रदेश निवासी 28 वर्षीय दीपक थापा को गिरफ्तार किया गया है।
ट्रक में छिपाकर ले जाई जा रही थी शराब
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जब्त डीसीएम ट्रक का पंजीकरण नंबर BR-01GR-0430 है। समेकित जांच चौकी, डोभी में ट्रक की तलाशी के दौरान उसके डाले के ऊपर तिरपाल बांधकर अंदर प्लास्टिक से छिपाई गई शराब बरामद हुई। कुल 296 कार्टन में रखी शराब की मात्रा 2,610.720 लीटर (10,656 बोतल) बताई गई है।
हिमाचल प्रदेश का रहने वाला है गिरफ्तार युवक
मद्यनिषेध विभाग के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान दीपक थापा (करीब 28 वर्ष), पिता धन बहादुर थापा, निवासी कशेनी कशिअनी, थाना टिक्कर, जिला शिमला, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उमेश चन्द्र राय, राहुल तिवारी, दीपक कुमार राम, उत्तम कुमार और हलेन्द्र कुमार सहित मद्यनिषेध सिपाही, सैप बल एवं गृहरक्षक जवान शामिल थे।
