गया कॉलेज में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का समापन, संगोष्ठी और नाट्य मंचन से दिया सकारात्मक सोच का संदेश

0
IMG-20261010-WA0001
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 10 अक्टूबर 2026

गयाजी। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस 2026 के अवसर पर गया कॉलेज के मनोविज्ञान विभाग की ओर से आयोजित तीन दिवसीय मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का समापन शनिवार को एक दिवसीय संगोष्ठी और नाट्य प्रस्तुति के साथ हुआ। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, सकारात्मक सोच, आत्म-जागरूकता और तनाव प्रबंधन पर अपने विचार रखे। वहीं, विद्यार्थियों ने नाटक के माध्यम से मानसिक समस्याओं के कारणों और उनसे बचाव के प्रति जागरूक किया।

एआई के दौर में सकारात्मक सोच जरूरी : प्राचार्य

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सतीश सिंह चंद्र के संरक्षण में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के वर्तमान दौर में अपने मस्तिष्क का सकारात्मक उपयोग करना और सकारात्मक विचारों एवं गतिविधियों से जुड़े रहना मानसिक स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।

मानसिक स्वास्थ्य और मानसिक बीमारी में अंतर समझना जरूरी

संगोष्ठी के मुख्य वक्ता इलाहाबाद विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. नरसिंह कुमार ने कहा कि अक्सर लोग मानसिक स्वास्थ्य और मानसिक बीमारी को एक ही समझ लेते हैं, जबकि दोनों के बीच अंतर है। उन्होंने आत्म-जागरूकता, अपनी भावनाओं को समझने, स्वयं को सुनने और संयम बनाए रखने को बेहतर मानसिक स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।

विशिष्ट वक्ता एवं गयाजी शहर स्थित माइंडफुल माइंड सेंटर की वरिष्ठ क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. श्वेता कुमारी ने मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के विभिन्न उपायों की जानकारी दी। उन्होंने व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से समझाया कि नकारात्मक विचारों और अशांत मन को शांत करने के लिए किस प्रकार प्रयास किए जा सकते हैं।

नाटक के माध्यम से मानसिक समस्याओं के प्रति किया जागरूक

कार्यक्रम के दौरान मनोविज्ञान विभाग के विद्यार्थियों ने प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति दी। इसके माध्यम से दिखाया गया कि किस प्रकार व्यक्ति धीरे-धीरे मानसिक समस्याओं से प्रभावित हो सकता है और समय रहते जागरूकता एवं उचित प्रयासों से ऐसी स्थितियों से बचाव में मदद मिल सकती है। प्रस्तुति के जरिए विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील रहने का संदेश दिया गया।

अतिथियों का स्वागत, बेहतर मानसिक स्वास्थ्य पर जोर

कार्यक्रम के संयोजक एवं मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. आनंद कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बेहतर मानसिक स्वास्थ्य व्यक्ति की कार्यक्षमता और जीवन में सफलता के लिए महत्वपूर्ण है। महाविद्यालय के बर्सर डॉ. मार्कण्डेय पाण्डेय ने मंच संचालन किया।

इस अवसर पर डॉ. रामदेव प्रसाद, डॉ. आशा कुमारी, डॉ. संध्या कुमारी, डॉ. विशाल यादव, डॉ. अरुण गर्ग, डॉ. रुनू रवि, डॉ. श्रुति प्रिया, डॉ. राजेश कुमार मिश्र, डॉ. अनूप प्रसाद, डॉ. राजन कुमार, डॉ. अरविंद कुमार, डॉ. पंकज भारती, अंजनी कुमार और अमर कुमार सहित सैकड़ों विद्यार्थी एवं अतिथि उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page