सीयूएसबी में स्वास्थ्य शिविर और सफाईमित्र सुरक्षा सम्मान समारोह आयोजित

0
IMG-20261003-WA0001
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 03 अक्टूबर 2026

गयाजी। स्वच्छता ही सेवा-2026 के तहत दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) में जीवक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में शनिवार को स्वास्थ्य शिविर एवं सफाईमित्र सुरक्षा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे इस माहव्यापी अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के स्वच्छता कर्मियों के स्वास्थ्य की जांच की गई और उन्हें उनकी सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।

कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में गयाजी स्थित अर्श सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम ने स्वच्छता कर्मियों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। अस्पताल प्रबंधन ने सीयूएसबी के विद्यार्थियों को अस्पताल की चिकित्सा सेवाओं पर विशेष रियायत देने की घोषणा भी की।

स्वच्छता कर्मियों को किया सम्मानित

स्वास्थ्य जांच के बाद विश्वविद्यालय के स्वच्छता कर्मियों को ‘सफाईमित्र’ के रूप में संबोधित करते हुए उनकी निरंतर एवं समर्पित सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। कुलपति प्रो. के.एन. सिंह ने स्वयं सभी सफाईमित्रों को सम्मानित कर उन्हें विशेष उपहार प्रदान किए। कुलसचिव प्रो. नरेंद्र कुमार राणा ने भी सफाईमित्रों को सम्मानित किया।

कुलपति ने विश्वविद्यालय परिसर में प्लास्टिक के उपयोग को रोकने के अभियान को प्रभावी बनाने का आह्वान किया। साथ ही सफाईमित्रों को प्रधानमंत्री जन-धन योजना और आयुष्मान भारत सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए इनका लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।

कुलसचिव प्रो. नरेंद्र कुमार राणा ने भी केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की।

कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यार्थी कल्याण अधिष्ठाता प्रो. पवन कुमार मिश्रा ने चिकित्सकीय दल का स्वागत करते हुए स्वच्छता कर्मियों के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन परिसर में उच्च स्तर की स्वच्छता, गरिमा और सुरक्षित कार्यस्थल सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम का समापन स्वच्छता ही सेवा-2026 के नोडल अधिकारी डॉ. अनिल कुमार के धन्यवाद ज्ञापन से हुआ। स्वास्थ्य शिविर के संचालन में विद्यार्थी स्वयंसेवकों एवं समन्वयकों शुभम, धीरज एक्का, हिमाद्री एवं मनीष ने सक्रिय सहयोग दिया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page