गया में जीतन राम मांझी ने UCC और SIR लागू करने की वकालत की, विपक्ष पर लगाया जनता को भ्रमित करने का आरोप

0
Screenshot_2026_1003_201843
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 03 अक्टूबर 2026

गयाजी: जिले के महकार में शनिवार को केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने समान नागरिक संहिता (UCC) और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि देश में UCC और SIR लागू होना चाहिए। मांझी ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल इन मुद्दों को लेकर जनता को भड़काने और भ्रमित करने का काम कर रहे हैं।

UCC के समर्थन में मांझी ने कहा कि कई राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू है और इससे समानता तथा एकता को बढ़ावा मिल सकता है। वहीं SIR को लेकर उन्होंने कहा कि वैध मतदाताओं के नाम हटाने की बात सही नहीं है, बल्कि गलत तरीके से जुड़े नामों को हटाने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने दावा किया कि इस प्रक्रिया से अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लोगों को भी लाभ मिल सकता है।

चुनाव आयोग पर उठाए जा रहे सवालों पर मांझी का बयान

दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग से जुड़े सवाल पर मांझी ने कहा कि राजनीति करनी है तो की जाए। उन्होंने चुनाव आयोग को संवैधानिक संस्था बताते हुए कहा कि आयोग के फैसलों पर सवाल उठाने वालों के पास कोई मुद्दा नहीं है। मांझी ने अपने मंत्रिमंडल के अनुभव का हवाला देते हुए कहा कि अंतिम निर्णय प्रधानमंत्री का होता है।

‘अपराधियों में दहशत, बिहार की कानून-व्यवस्था ठीक’

बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि घटनाएं होती हैं, लेकिन घटना के बाद सरकार की कार्रवाई को भी देखा जाना चाहिए। उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक अनुभव की चर्चा करते हुए पुराने दौर की घटनाओं से वर्तमान स्थिति की तुलना की।

मांझी ने पुलिस की कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ जैसी कार्रवाई से अपराधियों में दहशत है। उन्होंने समाज से सरकार का साथ देने की अपील की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के काम की भी तारीफ की।

जब्त शराब से सैनिटाइजर बनाने का सुझाव

बिहार में जब्त शराब के इस्तेमाल को लेकर जीतन राम मांझी ने सरकार को एक सुझाव भी दिया। उन्होंने कहा कि जब्त शराब को जमा कर उससे सैनिटाइजर बनाया जा सकता है। उनके मुताबिक इससे अन्य उत्पाद भी तैयार किए जा सकते हैं और सरकार को राजस्व प्राप्त हो सकता है।

वहीं JDU में चल रही कथित खींचतान के सवाल पर मांझी ने कहा कि राजनीतिक दलों में आपस में बातचीत और आजमाइश होती रहती है, लेकिन दोनों पक्ष साथ रहेंगे। उन्होंने NDA उम्मीदवार की जीत का दावा भी किया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page