गांधी जयंती पर एनएसएस ने विष्णुपद मेला क्षेत्र में चलाया स्वच्छता अभियान
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 02 अक्टूबर 2026
गयाजी। गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना, मगध विश्वविद्यालय के नेतृत्व में गया कॉलेज, जगजीवन कॉलेज एवं अनुग्रह मेमोरियल कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में विष्णुपद मंदिर एवं मेला क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय सेवा योजना, मगध विश्वविद्यालय के समन्वयक डॉ. पिंटू कुमार की उपस्थिति में हुआ। अभियान का नेतृत्व गया कॉलेज के एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार मिश्र ने किया। तीनों महाविद्यालयों के एनएसएस स्वयंसेवकों ने फल्गु नदी क्षेत्र एवं आसपास के मेला क्षेत्रों में सफाई करते हुए कचरे को एकत्र कर निर्धारित स्थान तक पहुंचाया।
स्वयंसेवकों ने देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं एवं पिंडदान के लिए पहुंचे लोगों से फल्गु नदी, विष्णुपद मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र की स्वच्छता बनाए रखने तथा कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की।
डॉ. राजेश कुमार मिश्र ने कहा कि एनएसएस का उद्देश्य केवल स्वच्छता अभियान चलाना नहीं, बल्कि समाज में स्थायी स्वच्छता जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने “स्वच्छ गया, सुंदर गया” सहित स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेशों के माध्यम से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को जागरूक किया।
