पितृपक्ष मेला को लेकर गयाजी में सघन वाहन जांच अभियान, एक दिन में 12 लाख रुपये का जुर्माना वसूला
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 10 सितंबर 2026
गयाजी: पितृपक्ष मेला-2026 के मद्देनजर गयाजी जिले में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए वाहन जांच अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में गुरुवार को जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सदर एवं यातायात पुलिस उपाधीक्षक ने संयुक्त रूप से जिले के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं क्षेत्रों में सघन वाहन जांच अभियान चलाया।
लाइसेंस और प्रदूषण प्रमाण-पत्र समेत दस्तावेजों की जांच
अभियान के दौरान वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, वाहन के आवश्यक कागजात एवं अन्य दस्तावेजों की जांच की गई। मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने तथा स्वयं के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए वाहन चलाने की अपील की।
नाबालिगों के वाहन चलाने पर विशेष नजर
वाहन जांच के दौरान बालिग एवं नाबालिग द्वारा वाहन चलाने के मामलों पर भी विशेष निगरानी रखी गई। प्रशासन की ओर से अभिभावकों से भी अपील की गई कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें।
सिकड़िया मोड़ से माड़नपुर तक चला अभियान
विशेष वाहन जांच अभियान सिकड़िया मोड़, गेवाल बिगहा, बाईपास, घुघड़ीटांड़, बोधगया रोड एवं माड़नपुर सहित विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में चलाया गया।
अभियान के दौरान जिला परिवहन विभाग द्वारा वाहनों से लगभग 10 लाख 50 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया गया, जबकि यातायात विभाग द्वारा लगभग 1 लाख 50 हजार रुपये का फाइन वसूला गया। इस प्रकार दोनों विभागों द्वारा कुल करीब 12 लाख रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
पितृपक्ष के दौरान भी जारी रहेगा अभियान
अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। वाहन जांच अभियान लगातार चलाया जाएगा, ताकि पितृपक्ष मेला के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश कुमार ने वाहन चालकों से अपील की कि वाहन चलाते समय वैध ड्राइविंग लाइसेंस एवं आवश्यक दस्तावेज साथ रखें, प्रदूषण प्रमाण-पत्र अद्यतन रखें और यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने विशेष रूप से नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति नहीं देने की अपील की।
