CSR फंड से गया को स्वास्थ्य, पेयजल और शव परिवहन की सौगात, 1.63 करोड़ की लागत से सुविधाओं का शुभारंभ
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 10 सितंबर 2026
गयाजी: बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने गुरुवार को जिला समाहरणालय में सीएसआर फंड के माध्यम से गयाजी जिले के लिए उपलब्ध कराई गई स्वास्थ्य, पेयजल एवं शव परिवहन से जुड़ी सुविधाओं का शुभारंभ किया। इस दौरान जिला पदाधिकारी, नगर आयुक्त तथा बरौनी रिफाइनरी के कार्यपालक निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख श्री सत्य प्रकाश मौजूद रहे।
3 ट्रूनेट मशीन, ALS एंबुलेंस और मॉर्चरी वैन मिली
डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि बरौनी रिफाइनरी की ओर से कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत गयाजी जिले के लिए कई जनोपयोगी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें 3 ट्रूनेट मशीन, 1 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (ALS) एंबुलेंस, 1 मॉर्चरी वैन तथा 1000 लीटर प्रति घंटे क्षमता वाले 25 RO वाटर एटीएम शामिल हैं। इन सुविधाओं की कुल लागत लगभग ₹163.85 लाख बताई गई है।
स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि ट्रूनेट मशीनों की उपलब्धता से स्वास्थ्य जांच की सुविधाओं को मजबूती मिलेगी और मरीजों को समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायता होगी। वहीं ALS एंबुलेंस गंभीर मरीजों के सुरक्षित एवं त्वरित परिवहन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि मॉर्चरी वैन की सुविधा से जरूरतमंद परिवारों को शव के सम्मानजनक एवं सुरक्षित परिवहन में मदद मिलेगी।
25 RO वाटर एटीएम से मिलेगा स्वच्छ पेयजल
सीएसआर फंड से उपलब्ध कराए गए 25 RO वाटर एटीएम के माध्यम से आम लोगों को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि यह सुविधा जिले में मूलभूत जनसुविधाओं को और मजबूत करने में उपयोगी साबित होगी।
सरकार, प्रशासन और सार्वजनिक उपक्रमों के समन्वय पर जोर
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि जनकल्याण से जुड़े कार्यों में सरकार, जिला प्रशासन और सार्वजनिक उपक्रमों के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत महत्वपूर्ण है। सीएसआर के माध्यम से उपलब्ध कराई गई ये सुविधाएं गयाजी जिले के नागरिकों के लिए उपयोगी साबित होंगी और स्वास्थ्य तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूती देंगी।
उन्होंने पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी, बरौनी रिफाइनरी के कार्यपालक निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख सत्य प्रकाश तथा पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रभावी और पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करने की अपील
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि सामाजिक दायित्व के तहत इस प्रकार की पहल समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देती है। उन्होंने जिला प्रशासन से सीएसआर के माध्यम से मिली सभी सुविधाओं का प्रभावी एवं पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
