राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर महत्वपूर्ण बैठक, ट्रैफिक चालान समेत मामलों के त्वरित निपटारे की अपील

0
Screenshot_2026_0908_220918.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 08 सितंबर 2026

गयाजी: आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर गयाजी व्यवहार न्यायालय सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गयाजी डॉ. राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर आयोजित बैठक में अधिकाधिक मामलों का सुलह-समझौते के आधार पर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की गई।

बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गयाजी के सचिव अरविंद कुमार दास एवं सीजीएम प्रकाश कुमार राय ने की। बैठक में सभी सीजीएम तथा प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी के न्यायिक दंडाधिकारी उपस्थित रहे।

सुलह-समझौते से मामलों के निपटारे पर जोर

बैठक में अधिकारियों ने राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर त्वरित एवं सरल तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। अधिकारियों ने संबंधित न्यायालयों में लंबित ऐसे मामलों को चिन्हित कर उनके निष्पादन की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने पर भी चर्चा की।

प्री-सीटिंग का उठाएं लाभ

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अरविंद कुमार दास ने आमजनों से अपील की कि जिनके मामले राष्ट्रीय लोक अदालत में निपटने योग्य हैं, वे संबंधित न्यायालय से अपने मामले का रिकॉर्ड निकलवाकर संबंधित कार्यालय लिपिक से संपर्क करें। इसके अलावा लोग जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गयाजी के कार्यालय से भी अपने मामले के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने विशेष रूप से ट्रैफिक चालान एवं DTO से संबंधित मामलों में चल रही प्री-सीटिंग का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय रहते प्री-सीटिंग के माध्यम से आवश्यक राशि जमा कर संबंधित मामलों का समाधान कराया जा सकता है।

समय और धन दोनों की होगी बचत

राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से विवादों का सरल एवं त्वरित समाधान संभव है। इसके जरिए पक्षकारों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिलने के साथ समय और धन की भी बचत हो सकती है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page