गया में पुलिस-एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, गुरारू में मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन; हथियार तस्कर गिरफ्तार
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 02 सितंबर 2026
गयाजी: जिला पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरारू थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मथुरापुर डीह गांव में छापेमारी कर कथित तौर पर घर में अवैध हथियार निर्माण और सप्लाई का काम करने वाले सालिक मिस्त्री को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, उसके घर से एक तैयार देशी हथियार, अर्धनिर्मित हथियारों के हिस्से और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण व सामग्री बरामद की गई है।
एसटीएफ की सूचना पर बनाई गई विशेष टीम
पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर 2026 को गुरारू थाना को एसटीएफ से सूचना मिली थी कि मथुरापुर गांव निवासी सालिक मिस्त्री अपने घर में अवैध हथियारों का निर्माण और सप्लाई कर रहा है। सूचना से वरीय अधिकारियों को अवगत कराने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, टिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम में गुरारू थाना के अपर थानाध्यक्ष एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी-कर्मी के साथ एसटीएफ के पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे। टीम ने मथुरापुर डीह पहुंचकर सालिक मिस्त्री के मकान की घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान एक व्यक्ति घर से भागने का प्रयास करने लगा, जिसे सशस्त्र बल की मदद से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सालिक मिस्त्री, पिता बिगन मिस्त्री, निवासी मथुरापुर डीह, थाना गुरारू, जिला गयाजी बताया।
चौकी के नीचे छिपाकर रखे गए थे हथियार और उपकरण
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर उसके घर के एक कमरे में चौकी के नीचे जमीन के अंदर बोरे में छिपाकर रखे गए हथियार एवं हथियार निर्माण की सामग्री बरामद की गई।
बरामद सामान में एक पुराना देशी थर्नट, दो अर्धनिर्मित लोहे के हथियार, दो छिद्रनुमा लोहे के बैरल, चार अर्धनिर्मित थर्नट बॉडी और हथियारों में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न लोहे के पार्ट व पाइप शामिल हैं।
इसके अलावा पुलिस ने लोहे की रॉड, पत्तर, विभिन्न आकार के पाइप, मापने वाला टेप, हीट मशीन, दो इलेक्ट्रिक ड्रिल मशीन, लोहे काटने वाली मशीनें, ड्रिल मशीन, बड़ा कटर, हथौड़े, छेनी, पिलास और पेचकश समेत अन्य सामग्री बरामद करने का दावा किया है।
बरामदगी को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दे सका आरोपी
पुलिस के अनुसार, बरामद हथियार एवं हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री के संबंध में सालिक मिस्त्री से पूछताछ की गई, लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर गुरारू थाना लाया गया। इस मामले में गुरारू थाना कांड संख्या 247/26, दिनांक 2 सितंबर 2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
गिरोह से कनेक्शन की जांच, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध हथियार निर्माण और सप्लाई के पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है या नहीं। आरोपी का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य संभावित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
गयाजी पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध हथियार कारोबार पर अंकुश लगाने और अपराधियों के मनोबल को कमजोर करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
