सीयूएसबी में वित्तीय साक्षरता और निवेशक जागरूकता कार्यक्रम, करीब 80 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

0
IMG-20260902-WA0000.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 02 सितंबर 2026

गयाजी: दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के वाणिज्य एवं बिजनेस स्टडीज विभाग की ओर से सेबी (SEBI) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के सहयोग से वित्तीय साक्षरता एवं निवेशक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह के संरक्षण में आयोजित इस ऑनलाइन कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को वित्तीय नियोजन, बचत, निवेश और सिक्योरिटीज मार्केट की व्यावहारिक जानकारी देना था।

वित्तीय योजना से लेकर जिम्मेदार निवेश तक की जानकारी

कार्यक्रम की शुरुआत विभागाध्यक्ष एवं अधिष्ठाता प्रो. ब्रजेश कुमार के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने रिसोर्स पर्सन डॉ. अजीत कुमार मौर्य, फैकल्टी सदस्यों और विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि युवाओं के लिए वित्तीय साक्षरता जरूरी है, ताकि वे सही वित्तीय निर्णय लेने के साथ वित्तीय व्यवस्था में जिम्मेदारी से भागीदारी कर सकें।

कार्यक्रम में आय, बचत और निवेश के बीच संबंध, पैसिव इनकम, कंपाउंडिंग, सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP), निवेश में विविधता, वित्तीय योजना एवं मनी मैनेजमेंट जैसे विषयों पर जानकारी दी गई। इसके साथ ही सिक्योरिटीज मार्केट, निवेश के विभिन्न तरीकों तथा निवेशकों की जागरूकता एवं सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को भी समझाया गया।

SAA₹THI’ ऐप से कराया गया परिचित

प्रतिभागियों को SEBI के निवेशक शिक्षा मोबाइल ऐप ‘SAA₹THI’ के बारे में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि ऐप के माध्यम से सिक्योरिटीज मार्केट, निवेश के विकल्प, निवेशकों के अधिकार तथा वित्तीय धोखाधड़ी एवं घोटालों से बचाव के उपायों की जानकारी आसानी से प्राप्त की जा सकती है। विद्यार्थियों को जिम्मेदार निवेश निर्णय लेने के लिए उपलब्ध संसाधनों के उपयोग के बारे में भी बताया गया।

लाइव शेयर मार्केट डेमो से समझी निवेश की प्रक्रिया

कार्यक्रम के दौरान करीब 80 प्रतिभागियों को शेयर बाजार के कामकाज और निवेश प्रक्रिया की व्यावहारिक समझ देने के लिए लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया गया। वाणिज्य विषय के स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के साथ शोधार्थियों ने इसमें सक्रिय भागीदारी की और वित्तीय बाजार से जुड़े विषयों को समझा।

विद्यार्थियों और शोधार्थियों की रही सक्रिय भागीदारी

कार्यक्रम का समन्वय डॉ. रचना विश्वकर्मा ने किया, जबकि संचालन शोधार्थी सुश्री ऐश्वर्या ने किया। विभाग के डॉ. राजनारायणन, प्रो. सुब्रमनियन सहित अन्य फैकल्टी सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में मोहम्मद रयान, अनुप्रिया, आलिया, श्रुति और सक्षम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. रचना विश्वकर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं को वित्तीय रूप से जागरूक, समझदार और जिम्मेदार निवेशक बनाने की दिशा में आवश्यक ज्ञान एवं व्यावहारिक समझ प्रदान करना है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page