अग्नि सुरक्षा को लेकर गयाजी में तीन दिवसीय मॉकड्रिल और जनजागरूकता अभियान, रेलवे स्टेशन से मेडिकल कॉलेज तक होंगे कार्यक्रम
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 30 अगस्त 2026
गयाजी: आग लगने जैसी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गयाजी जिले में अग्नि सुरक्षा फायर मॉकड्रिल, डेमो एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। निदेशक-सह-राज्य अग्निशमन पदाधिकारी, बिहार, पटना के कार्यालय पत्र के निर्देश के आलोक में यह अभियान औद्योगिक इकाइयों, बहुमंजिला भवनों, अस्पतालों एवं सार्वजनिक स्थलों पर चलाया जा रहा है।
तीन दिनों में अलग-अलग स्थानों पर होंगे कार्यक्रम
जारी कार्यालय आदेश के अनुसार अग्निशमन विभाग की ओर से तीन दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों का आयोजन जिला अग्निशमन पदाधिकारी की अध्यक्षता में किया जाएगा।
कार्यक्रम के अनुसार 29 अगस्त 2026 को गया रेलवे स्टेशन तथा एपीआर मॉल/सिनेमाघर में अग्नि सुरक्षा मॉकड्रिल/डेमो एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया किया गया था।
आज यानी 30 अगस्त 2026 को सुरज फूड प्रोडक्ट्स (बेकरी), गया-पटना रोड में अग्नि सुरक्षा संबंधी मॉकड्रिल एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
वहीं कल यानी 31 अगस्त 2026 को मगध मेडिकल कॉलेज, गयाजी में अग्नि सुरक्षा मॉकड्रिल/डेमो एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
उपकरणों के साथ टीमों को समय पर पहुंचने का निर्देश
कार्यालय आदेश में सहायक जिला अग्निशमन पदाधिकारी, गयाजी को संबंधित टीमों एवं आवश्यक उपकरणों के साथ निर्धारित समय पर कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। टीमों को अग्निशमन वाहन, कैनोपी, बैनर, पंपलेट-लीफलेट एवं साउंड सिस्टम सहित अन्य आवश्यक संसाधनों के साथ कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया है।
लोगों को आग से बचाव के उपायों की दी जाएगी जानकारी
इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों, बचाव के उपायों तथा आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया की जानकारी दी जाएगी। सार्वजनिक स्थलों पर मॉकड्रिल और डेमो के जरिए लोगों को अग्नि सुरक्षा उपकरणों के उपयोग एवं सुरक्षित निकासी के तरीकों के प्रति भी जागरूक किया जाएगा।
अग्निशमन विभाग का उद्देश्य संभावित अग्नि दुर्घटनाओं के दौरान जान-माल के नुकसान को कम करने के साथ आम लोगों में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता और सतर्कता बढ़ाना है।
