गया कॉलेज में ‘विकसित भारत युवा कनेक्ट–खेलो इंडिया 2026’ का भव्य आयोजन, युवाओं ने सुना पीएम मोदी का संदेश
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 27 अगस्त 2026
गयाजी: गया कॉलेज, गयाजी के मुंशी प्रेमचंद सभागार में गुरुवार को ‘विकसित भारत युवा कनेक्ट–खेलो इंडिया 2026’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम ‘खेल की बात पीएम मोदी के साथ’ रही। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से किया। इस दौरान गया कॉलेज के विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री का संबोधन लाइव सुना।
खेलों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने का आह्वान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गया कॉलेज के विद्यार्थियों से लाइव संवाद करते हुए भारतीय खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं की खेल गतिविधियों में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने वर्ष 2036 में भारत में प्रस्तावित ओलंपिक खेलों में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों की भूमिका की सराहना करते हुए विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने तथा नशामुक्त भारत के लिए निरंतर प्रयास करने की अपील की।
जीतन राम मांझी ने युवाओं को दिया सफलता का मंत्र
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय कैबिनेट मंत्री जीतन राम मांझी मौजूद रहे। उन्होंने युवाओं को अनुशासन, निरंतर परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
उन्होंने अपने जीवन का उदाहरण देते हुए कहा कि साधारण पृष्ठभूमि से आने वाला व्यक्ति भी अनुशासन और सतत प्रयास के बल पर जीवन में उच्चतम मुकाम हासिल कर सकता है। उन्होंने गया कॉलेज में खेलों को बढ़ावा देने और खेल अवसंरचना के विकास में सहयोग का आश्वासन दिया।
मांझी ने कॉलेज की आंतरिक सड़क की मरम्मत के लिए प्राचार्य द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव को स्वीकार करने की बात कही। उन्होंने गया कॉलेज का विद्यार्थी होने के कारण संस्थान से अपने आत्मीय जुड़ाव को भी साझा किया।
प्राचार्य ने गिनाई कॉलेज की उपलब्धियां
गया कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सतीश सिंह चंद्र ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले एक दशक में भारत ने खेल के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि गया कॉलेज के विद्यार्थी खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगातार नई ऊंचाइयां हासिल कर रहे हैं और भविष्य में भी कॉलेज की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाएंगे।
खेल जगत की हस्तियों ने विद्यार्थियों से किया संवाद
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद ‘खेलो इंडिया संवाद’ का आयोजन किया गया। इसमें तीरंदाजी की गोल्ड मेडलिस्ट पूनम कुमारी, राष्ट्रमंडल खेल 2022 के रजत पदक विजेता चंदन कुमार सिंह, पूर्व एथलीट बिहार सुनील कुमार, मुरारी यादव और यूथ आइकॉन मुकेश कुमार ने विद्यार्थियों से संवाद किया।
गया कॉलेज के स्वयंसेवक आर्यन कुमार ने मॉडरेटर की भूमिका निभाई। उन्होंने पैनलिस्टों से विभिन्न सवाल पूछे, वहीं विद्यार्थियों की ओर से पूछे गए प्रश्नों का भी पैनलिस्टों ने जवाब दिया। संवाद के दौरान खेल में करियर, अनुशासन, फिटनेस और खिलाड़ियों के सामने आने वाली चुनौतियों पर चर्चा हुई।
नशामुक्ति की दिलाई शपथ
कार्यक्रम के दौरान कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार मिश्र ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में कर्नल पंकज कुमार (कीर्ति चक्र), डिप्टी कलेक्टर गयाजी, नेहा कुमारी, बीपीआरओ, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया, बिहार जूनियर आर्चरी के कोच जयप्रकाश, माय भारत के पवन कुमार, राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. पिंटू कुमार, गया कॉलेज के बर्सर डॉ. मारकंडे पांडे सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
तकनीकी टीम और आयोजन समिति ने संभाली जिम्मेदारी
कार्यक्रम के लाइव प्रसारण में एमसीए विभाग के अमरजीत कुमार सिंह एवं उनकी टीम ने महत्वपूर्ण तकनीकी सहयोग प्रदान किया। आयोजन समिति के सदस्य सौरव कुमार, इश्तियाक आलम, तन्वी प्रिया, सोनू कुमार और हर्षवर्धन ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
छात्राओं द्वारा तैयार की गई आकर्षक रंगोली ने अतिथियों और विद्यार्थियों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन गया कॉलेज एथलीट सोसाइटी के पीटीआई अंजनी कुमार ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
