सीयूएसबी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया संवाद’ का हुआ सीधा प्रसारण

0
IMG-20260827-WA0005.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 27 अगस्त 2026

गयाजी: दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) में राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) द्वारा आयोजित राष्ट्रव्यापी ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। विवेकानंद व्याख्यान संकुल में आयोजित कार्यक्रम में कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह के साथ विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं शोधार्थी मौजूद रहे।

विकसित भारत के संकल्प में युवाओं की भागीदारी पर जोर

इस अवसर पर कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने विद्यार्थियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ विभिन्न खेल गतिविधियों में भी भाग लेने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। कुलपति ने विश्वविद्यालय परिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।

देशभर के 1,500 से अधिक संस्थानों से जुड़े युवा

कार्यक्रम का संचालन शारीरिक शिक्षा विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. गौरव कुमार सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि ‘मेरा युवा भारत’ द्वारा आयोजित इस राष्ट्रव्यापी संवाद में देशभर के 1,500 से अधिक शिक्षण संस्थानों से लाखों युवा वर्चुअली जुड़े। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘खेल की बात, प्रधानमंत्री मोदी के साथ’ विषय के तहत देश के खेल इकोसिस्टम को मजबूत करने और वर्ष 2036 के ओलंपिक की आकांक्षाओं को लेकर रोडमैप साझा किया।

पांच प्रमुख संकल्पों पर केंद्रित रहा संवाद

‘खेलो इंडिया संवाद’ में खेल एवं फिटनेस संस्कृति को बढ़ावा देने, 2036 ओलंपिक की तैयारियों, युवा नेतृत्व एवं नागरिक जिम्मेदारी, विकसित भारत के निर्माण तथा नशा मुक्त युवा अभियान जैसे पांच प्रमुख विषयों पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने युवाओं के दृष्टिकोण और उनकी आकांक्षाओं को ‘विकसित भारत 2047’ के विजन के केंद्र में रखने पर जोर दिया।

संवाद के दौरान दैनिक जीवन में खेल और फिटनेस को अपनाने, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को खेल महाशक्ति बनाने, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने जैसे विषयों को प्रमुखता दी गई।

प्रधानमंत्री ने युवाओं को दिया खेल और राष्ट्र निर्माण का संदेश

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का उद्देश्य खेल-प्रेमी युवाओं, नवोदित खिलाड़ियों और युवा नेताओं को नीति-निर्माण एवं राष्ट्र निर्माण की व्यापक प्रक्रिया से जोड़ना रहा। कार्यक्रम देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के विभिन्न जिलों में आयोजित किया गया, जिसमें करीब 8 लाख युवाओं एवं खिलाड़ियों के सीधे जुड़ने की जानकारी दी गई।

विश्वविद्यालय के कई पदाधिकारी और शिक्षक रहे मौजूद

कार्यक्रम में छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. पवन कुमार मिश्रा, प्रो. अशोक कुमार, प्रो. आशीष कुमार सिंह, प्रो. सुरेंद्र कुमार, प्रो. चेतना जायसवाल, डॉ. हेमंत सिंह, डॉ. रेनू, डॉ. अपर्णा झा, डॉ. पंकज और डॉ. अनुराग सहित विश्वविद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय समिति द्वारा शारीरिक शिक्षा विभाग के सहायक निदेशक डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह की देखरेख में किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page