गयाजी में 25 अगस्त को रोजगार मेला, निजी कंपनियों में 3416 पदों पर भर्ती का अवसर
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 24 अगस्त 2026
गयाजी: जिले के युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार के तहत अवर प्रादेशिक नियोजनालय, गयाजी की ओर से 25 अगस्त 2026 को एक दिवसीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला आयोजित किया जाएगा। रोजगार मेला राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर/मैदान, गयाजी में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा।
3416 रिक्तियों पर निजी कंपनियां करेंगी भर्ती
रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों की ओर से कुल 3416 रिक्तियां उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर शामिल हैं। मेले में भाग लेने वाली कंपनियों में Blink Commerce, Shubhkamna Heart Hospital Gaya, SIS India Limited, Shakambari Snacks Private Limited Sherghati, Airtel Payments Bank, Flipkart, Quest Corp Limited, Navbharat Fertilizer, HCN Tech, Shri Om Sai Auto Gaya, Vision India, Aamdhane, Utkarsh Welfare Foundation, Mother Teresa Management College, Navin Kishan Biotech, Dsets Private Limited और Zomira World Private Limited सहित अन्य कंपनियां शामिल हैं।
युवाओं के लिए सीधे कंपनियों से जुड़ने का मौका
इस रोजगार मेले की खास बात यह है कि स्थानीय युवाओं को एक ही स्थान पर विभिन्न निजी कंपनियों के प्रतिनिधियों से संपर्क करने और उपलब्ध रोजगार अवसरों के लिए आवेदन एवं चयन प्रक्रिया में शामिल होने का मौका मिलेगा। इससे नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को अलग-अलग कंपनियों तक पहुंचने में लगने वाला समय और प्रयास भी कम होगा।
ये दस्तावेज लेकर पहुंचें अभ्यर्थी
रोजगार मेले में शामिल होने वाले युवाओं को अपना अद्यतन बायोडाटा/रिज्यूमे, आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्र, NCS (National Career Service) पोर्टल पंजीयन की प्रति, बिहार रोजगार सेतु पोर्टल पंजीयन की प्रति साथ लाने को कहा गया है।
इसके अलावा सभी शैक्षणिक एवं अन्य आवश्यक मूल प्रमाण पत्र और उनकी छायाप्रति भी साथ रखना जरूरी होगा, ताकि भर्ती प्रक्रिया के दौरान दस्तावेजों का सत्यापन कराया जा सके।
रोजगार मेले में प्रवेश निःशुल्क, दलालों से रहें सावधान
जिला नियोजनालय ने स्पष्ट किया है कि यह रोजगार मेला पूरी तरह निःशुल्क है। नौकरी दिलाने के नाम पर किसी दलाल, बिचौलिए या एजेंट के झांसे में न आने की अपील की गई है। यदि कोई व्यक्ति रोजगार मेले में भाग लेने या नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे की मांग करता है, तो उसे किसी भी प्रकार का भुगतान नहीं करने की सलाह दी गई है।
रोजगार मेले से संबंधित जानकारी या सहायता के लिए अभ्यर्थी जिला नियोजनालय, गयाजी के मोबाइल नंबर 9060142302 पर संपर्क कर सकते हैं।
