श्री विष्णु धाम से श्री बैजूधाम तक निकली दूसरी कांवर यात्रा, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा मार्ग
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 23 अगस्त 2026
गयाजी: श्री हरिहर कांवरिया संघ एवं शिव नारायण सेवा संस्थान, गयाजी के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को संस्थापक डॉ. रमेश कुमार के नेतृत्व में श्री विष्णु धाम गयाजी से श्री बैजूधाम गुरुआ तक दूसरी विशाल कांवर यात्रा निकाली गई। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से भरी यात्रा में सैकड़ों कांवरियों ने भाग लिया।
कांवरियों ने उत्तरवाहिनी फल्गु नदी से पवित्र जल भरा और भगवान श्री विष्णु का दर्शन करने के बाद कांवर यात्रा शुरू की। हर-हर महादेव, हरि-हरि और बोल बम के जयघोष से यात्रा मार्ग गूंजता रहा। डीजे की धुन पर कांवरिया नाचते-गाते और भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े, जिससे पूरे मार्ग पर भक्तिमय माहौल बना रहा।
हरी झंडी दिखाकर रवाना हुई यात्रा
कांवर यात्रा को भारत विकास परिषद के प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ. मृत्युंजय कुमार, प्रतिभा पल्लव स्कूल के निदेशक गौतम कुमार तथा शिक्षाविद् सुशांत भारद्वाज ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जगह-जगह हुआ कांवरियों का स्वागत
यात्रा मार्ग में स्थानीय लोगों और समाजसेवियों ने कांवरियों का स्वागत किया। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए शर्बत, पानी, फल और फलाहार की व्यवस्था की गई।
रामपुर में मां मंगला कंस्ट्रक्शन के संजय कुमार ने फलाहार एवं पानी की व्यवस्था की। मगध कॉलोनी रोड नंबर 12 में तैलिक साहू सभा के जिला अध्यक्ष अजय साव ने अपने आवास पर कांवरियों का स्वागत किया। मेडिकल कॉलेज के आगे नव जीवन हॉस्पिटल के रघु कुमार ने फल, शर्बत एवं पानी वितरित किया।
वहीं बिशुनगंज में अजय गुप्ता, भूषिया में समाजसेवी छोटू यादव तथा चेरकी के दुकानदार भाइयों ने भी कांवरियों की सेवा की।
आस्था के साथ सामाजिक सहभागिता का संदेश
संस्थापक डॉ. रमेश कुमार ने कहा कि श्री विष्णु धाम से श्री बैजूधाम गुरुआ तक आयोजित दूसरी कांवर यात्रा का उद्देश्य श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान शिव एवं भगवान विष्णु के प्रति आस्था को मजबूत करना है। उन्होंने यात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
आयोजन में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कांवर यात्रा को सफल बनाने में ब्रजेश पाठक, दिनेश गांधी, हंसराज पब्लिक स्कूल के निदेशक विपिन कुमार, ग्लोबल हॉस्पिटल के मनोज सिंह, तोषण मैतीन, अनुराधा कुमारी, प्रतिमा कुमारी, शोभा देवी सहित अन्य लोगों की सराहनीय भूमिका रही।
