शिक्षकों की लंबित मांगों को लेकर मगध विश्वविद्यालय के कुलपति से मिले अंगीभूत कॉलेजों के शिक्षक संघ
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 20 अगस्त 2026
गयाजी: मगध विश्वविद्यालय के विभिन्न अंगीभूत महाविद्यालयों के शिक्षक संघों ने गुरुवार को शिक्षकों की लंबित मांगों एवं समस्याओं को लेकर कुलपति से मुलाकात कर बैठक की और ज्ञापन सौंपा। बैठक में शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई।
इस दौरान गया कॉलेज, जे.जे. कॉलेज, जीबीएम कॉलेज, एएम कॉलेज, एसएमएसजी कॉलेज शेरघाटी, एसएन सिन्हा कॉलेज टिकारी तथा किशोरी सिन्हा महिला कॉलेज औरंगाबाद के शिक्षक संघ के प्रतिनिधि शामिल रहे।
बैठक के दौरान कुलपति ने शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि विश्वविद्यालय स्तर पर सभी मुद्दों पर विचार कर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
नवनियुक्त शिक्षकों के बकाया वेतन के भुगतान की मांग
गया कॉलेज शिक्षक संघ ने बताया कि मगध विश्वविद्यालय द्वारा नियुक्त सीनियर एवं नवनियुक्त सहायक प्राध्यापकों को कई महीनों से वेतन का भुगतान नहीं होने के कारण आर्थिक एवं मानसिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
संघ ने नवनियुक्त शिक्षकों के बकाया वेतन का अविलंब भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की। संघ के अनुसार, कई नवनियुक्त शिक्षकों का वेतन एक्सपीरियंस वेरिफिकेशन के नाम पर रोका गया है, जबकि अन्य विश्वविद्यालयों में वेतन भुगतान किया जा रहा है।
सेवा संपुष्टि का मामला भी उठाया
शिक्षक संघ ने निर्धारित अवधि एवं आवश्यक शर्तें पूरी कर चुके सहायक प्राध्यापकों की सेवा संपुष्टि का मामला भी कुलपति के समक्ष रखा। संघ का कहना है कि सेवा संपुष्टि लंबित रहने से संबंधित शिक्षकों के मनोबल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
एनपीएस की कटौती और अभिलेखों को अपडेट करने की मांग
बैठक में शिक्षकों के वेतन से पिछले कई महीनों में एनपीएस के लिए काटी गई राशि के समुचित समायोजन तथा संबंधित अभिलेखों को अद्यतन करने की मांग भी रखी गई।
संघ ने कहा कि इस मामले को लेकर लगातार समस्या बनी हुई है और इसके समाधान के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन से आवश्यक कार्रवाई की अपेक्षा है।
अवकाश संबंधी सुविधाएं देने की मांग
शिक्षक संघ ने महिला शिक्षकों को नियमानुसार मातृत्व अवकाश, पुरुष शिक्षकों को पितृत्व अवकाश तथा पात्र शिक्षकों को शिशु देखभाल अवकाश प्रदान करने की मांग की।
संघ का कहना है कि बिहार सरकार के अधीन कार्यरत कर्मियों को ये सुविधाएं उपलब्ध हैं, लेकिन विश्वविद्यालय स्तर पर इन मामलों का समाधान अभी लंबित है।
महंगाई भत्ते के भुगतान का मामला भी उठा
शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के लंबित महंगाई भत्ता (DA) के भुगतान का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठाया गया। संघ ने विश्वविद्यालय प्रशासन से लंबित भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने का अनुरोध किया।
समस्याओं के समयबद्ध समाधान की मांग
गया कॉलेज शिक्षक संघ ने विश्वविद्यालय प्रशासन से सभी लंबित समस्याओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने तथा मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का अनुरोध किया।
संघ ने कहा कि शिक्षकों एवं कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान होने से उनका मनोबल बढ़ेगा और वे शैक्षणिक एवं प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन और अधिक उत्साह एवं समर्पण के साथ कर सकेंगे।
