प्रधानमंत्री के ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान’ का सीयूएसबी में लाइव प्रसारण, 500 से अधिक छात्रों ने लिया संकल्प

0
IMG-20260803-WA0000.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 02 अगस्त 2026,

गयाजी: दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान’ का लाइव प्रसारण सामूहिक रूप से देखा गया। कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह के मार्गदर्शन में विवेकानंद सभागार में आयोजित कार्यक्रम में 500 से अधिक छात्रों, शिक्षकों, शोधार्थियों और गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया।

गणमान्य अतिथियों की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री संतोष कुमार सुमन, औरंगाबाद के सांसद अभय कुशवाहा, विधान परिषद सदस्य जीवन कुमार, गयाजी के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर सहित विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री ने युवाओं को नशामुक्त भारत का दिया संदेश

लाइव संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान’ का उद्देश्य युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखते हुए विकसित भारत-2047 के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाने, अनुशासित दिनचर्या अपनाने और राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि नशीले पदार्थ कुछ समय के लिए आकर्षण पैदा कर सकते हैं, लेकिन अंततः व्यक्ति के करियर, सपनों और जीवन को बर्बाद कर देते हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार युवाओं की आवश्यकता है।

नशा केवल व्यक्ति नहीं, समाज और राष्ट्र के लिए भी खतरा

प्रधानमंत्री ने कहा कि नशा मुक्ति केवल युवाओं का विषय नहीं, बल्कि परिवार, शिक्षण संस्थानों और पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने मादक पदार्थों की तस्करी को राष्ट्रीय सुरक्षा और सामाजिक स्थिरता के लिए गंभीर खतरा बताते हुए प्रत्येक नागरिक से नशा उन्मूलन अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।

उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग नशे की लत से बाहर निकल चुके हैं, उन्हें सम्मान और समाज में नई शुरुआत का अवसर मिलना चाहिए। पुनर्वास और सामाजिक स्वीकृति ऐसे लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

योग, ध्यान और जनभागीदारी पर दिया जोर

प्रधानमंत्री ने भारतीय संस्कृति में योग, ध्यान और सामुदायिक सहयोग की परंपरा का उल्लेख करते हुए युवाओं से इन्हें अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत देशभर में अगले 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार को जनभागीदारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें खेल प्रतियोगिताएं, वॉकाथॉन, ध्यान सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, कला प्रतियोगिताएं और जनजागरूकता अभियान शामिल होंगे।

सीयूएसबी परिसर और आसपास चलेगा नशामुक्ति अभियान

इस अवसर पर कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने कहा कि सीयूएसबी हमेशा से नशामुक्त परिसर के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के आह्वान के अनुरूप विश्वविद्यालय परिसर के साथ-साथ आसपास के गांवों में भी विशेष नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त भारत और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

cusb-live-telecast-pm-modi-nasha-mukt-yuva-viksit-bharat-sankalp-abhiyan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page