‘मेरा युवा भारत’ अभियान को गति देने पर जोर, गयाजी में जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित

0
1785330938230.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 29 जुलाई 2026,

गयाजी: जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय स्थित प्रकोष्ठ में “मेरा युवा भारत (माय भारत)” जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के अधिकाधिक युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सेवा एवं कौशल विकास की गतिविधियों से जोड़ने तथा ‘माय भारत’ कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर

बैठक में ‘माय भारत’ कार्यक्रम के उद्देश्यों, युवाओं के सर्वांगीण विकास, राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भूमिका तथा स्वयंसेवी एवं कौशल विकास से जुड़ी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही समिति के सदस्यों को माय भारत पोर्टल की कार्यप्रणाली एवं इसके माध्यम से उपलब्ध विभिन्न अवसरों की जानकारी दी गई।

15 अगस्त तक चलेगा विशेष पंजीकरण अभियान

जिला पदाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जिले के सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और प्राचार्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। उन्होंने कहा कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के नव-नामांकित विद्यार्थियों का 15 अगस्त 2026 तक विशेष अभियान चलाकर www.mybharat.gov.in पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि मार्च 2027 तक राष्ट्रीय स्तर पर पांच करोड़ युवाओं को ‘माय भारत’ से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

नशा मुक्त भारत अभियान को भी मिलेगी गति

बैठक में जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने पोस्टर, पंपलेट एवं अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए अभियान को जन-जन तक पहुंचाने पर बल दिया।

समन्वित प्रयास से युवाओं को जोड़ने का आह्वान

जिला पदाधिकारी ने सभी विभागों एवं समिति के सदस्यों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक युवाओं को ‘माय भारत’ अभियान से जोड़ने और उन्हें राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सेवा, स्वयंसेवा तथा कौशल विकास कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

बैठक में कई अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में निदेशक, डीआरडीए, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, जिला युवा अधिकारी, एनसीसी, भारत स्काउट एंड गाइड्स सहित जिला सलाहकार समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page