गयाजी में स्वास्थ्य सेवाओं का बड़ा विस्तार, प्रभावती अस्पताल में 127 जांचों की सुविधा, शेरघाटी-टिकारी में शुरू हुई डायलिसिस सेवा
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 22 जुलाई 2026,
गयाजी: जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ी पहल के तहत प्रभावती मॉडल अस्पताल में अत्याधुनिक जांचशाला का शुभारंभ किया गया। बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग और साइंस लैब के सहयोग से पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर स्थापित इस लैब में अब 127 प्रकार की जांचें निशुल्क उपलब्ध होंगी। इस सुविधा का उद्घाटन वर्चुअल माध्यम से उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया।
प्रभावती अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी शशांक शुभंकर, सिविल सर्जन डॉ. राजाराम प्रसाद, डीपीएम नीलेश कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष नैना कुमारी, महापौर गणेश पासवान सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। उद्घाटन के बाद जिलाधिकारी ने अस्पताल का निरीक्षण भी किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि यह जांचशाला स्पोक हब के रूप में कार्य करेगी, जहां जिले के विभिन्न सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से जांच के लिए नमूने भेजे जाएंगे। इसके अलावा सभी सीएचसी और पीएचसी में 106 प्रकार तथा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में 64 प्रकार की जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे इन निशुल्क सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
अब शेरघाटी और टिकारी में मिलेगी डायलिसिस सुविधा
स्वास्थ्य विभाग ने किडनी रोगियों के लिए भी बड़ी राहत दी है। अब शेरघाटी और टिकारी अनुमंडलीय अस्पतालों में डायलिसिस सेवा शुरू कर दी गई है। जिन मरीजों का नाम राशन कार्ड में दर्ज है, उन्हें यह सुविधा पूरी तरह निशुल्क मिलेगी। वहीं अन्य मरीज 1,797 रुपये शुल्क देकर डायलिसिस करा सकेंगे।
डायलिसिस सेंटर का संचालन अपोलो डायलिसिस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा स्वास्थ्य विभाग के साथ पीपीपी मॉडल पर किया जाएगा। इससे अब मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा और समय व खर्च दोनों की बचत होगी।
सदर अस्पताल में आईसीयू का भी विस्तार
स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाते हुए जयप्रकाश नारायण सदर अस्पताल में 5 बेड वाले इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) का भी नवीनीकरण कर मरीजों के लिए शुरू कर दिया गया है। इससे गंभीर मरीजों को जिले में ही बेहतर उपचार उपलब्ध हो सकेगा।
