गयाजी पुलिस ने कोढ़ा गैंग का किया पर्दाफाश, 6 सोने की चेन और 3 चोरी की बाइक बरामद, एक अपराधी गिरफ्तार

0
IMG_20260716_151234.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी |16 जुलाई 2026,

गयाजी: शहर में लगातार बढ़ रही चैन स्नैचिंग और छिनतई की घटनाओं के बीच गयाजी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कटिहार के कुख्यात कोढ़ा गैंग के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 6 चोरी की सोने की चेन और 3 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं। गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

आनंदी माई मंदिर के पास दबोचा गया आरोपी

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 8 जुलाई 2026 को कोतवाली थाना पुलिस को सूचना मिली कि चैन स्नैचिंग करने वाले अपराधी जी.बी. रोड स्थित आनंदी माई मंदिर के पास मौजूद हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सौमीयल कुमार (पिता- धर्मेंद्र कुमार), निवासी नया टोला जुराबगंज, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार को एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया।

फर्जी नंबर प्लेट लगी मिली बाइक

पूछताछ के दौरान आरोपी मोटरसाइकिल के वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगी मिली। आरोपी की निशानदेही पर आनंदी माई मंदिर के पास से एक अपाचे मोटरसाइकिल तथा गया रेलवे स्टेशन पार्किंग से फर्जी नंबर प्लेट लगी होंडा सीबी यूनिकॉर्न बरामद की गई। इस तरह पुलिस ने कुल 3 चोरी की मोटरसाइकिल जब्त कीं।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

गिरफ्तार आरोपी ने स्वीकार किया कि वह कटिहार के कुख्यात कोढ़ा गैंग का सक्रिय सदस्य है। उसने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्य अलग-अलग मोटरसाइकिलों से गयाजी पहुंचते थे और सुनसान तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं के गले से सोने की चेन छीनने और लोगों से रुपये से भरे बैग लूटने जैसी वारदातों को अंजाम देते थे।

कटिहार में छापेमारी, 6 सोने की चेन बरामद

सिटी एसपी अभिनव के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी अनुसंधान और आसूचना के आधार पर कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र में गैंग के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। हालांकि गैंग के अन्य सदस्य फरार मिले, लेकिन उनके घरों की तलाशी में 6 चोरी की सोने की चेन बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार बरामद चेन गयाजी जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों से संबंधित हैं, जिनमें—

🔹कोतवाली थाना – 3 मामले

🔹टिकारी थाना – 1 मामला

🔹रामपुर थाना – 1 मामला

🔹सिविल लाइंस थाना – 1 मामला

शामिल हैं। पुलिस अब बरामद चेन का मिलान पीड़ितों से कर रही है, ताकि उन्हें उनके आभूषण लौटाए जा सकें।

आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी सौमीयल कुमार के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उस पर भागलपुर (पिरपैंती) और दरभंगा (कोतवाली) थाना क्षेत्रों में लूट एवं अन्य गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

गयाजी पुलिस का कहना है कि कोढ़ा गैंग के अन्य फरार सदस्यों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में चैन स्नैचिंग और छिनतई की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page