गयाजी में निकली भव्य श्री जगन्नाथ रथयात्रा, विधानसभा अध्यक्ष ने किया शुभारंभ, 5 हजार श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद

0
IMG-20260716-WA0002.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 16 जुलाई 2026,

गयाजी: गुरुवार को इस्कॉन गयाजी के तत्वावधान में भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव एवं सुभद्रा की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। रथयात्रा का शुभारंभ बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने किया।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान को रथ पर कराया गया विराजमान

रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक विद्युत सज्जा से सुसज्जित भव्य रथ पर भगवान श्रीजगन्नाथ, बलदेव, सुभद्रा एवं सुदर्शन को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत विराजमान कराया गया। इसके बाद भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया गया और भव्य आरती संपन्न हुई।

रथयात्रा का आध्यात्मिक महत्व बताया

इस्कॉन गयाजी के मंदिर अध्यक्ष ने रथयात्रा के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह उत्सव उस दिव्य लीला की स्मृति में मनाया जाता है, जब श्रीमती राधारानी एवं वृंदावन की गोपियों ने कुरुक्षेत्र से भगवान श्रीकृष्ण को पुनः वृंदावन लाने की भावपूर्ण अभिलाषा के साथ उनके रथ को खींचा था। यही परंपरा आज जगन्नाथ रथयात्रा के रूप में विश्वभर में मनाई जाती है।

शहर के प्रमुख मार्गों से निकली रथयात्रा

रथयात्रा इस्कॉन मंदिर से प्रारंभ होकर जयप्रकाश झरना, काशीनाथ मोड़, सिविल लाइंस, जी.बी. रोड, गोल पत्थर, टेकारी रोड, बाटा मोड़, स्वराजपुरी रोड, महारानी बस स्टैंड और गेवाल बिगहा होते हुए पुनः इस्कॉन मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया, जबकि हरिनाम संकीर्तन और जयघोष से पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।

5 हजार श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद

रथयात्रा के मंदिर लौटने के बाद भगवान को पुनः छप्पन भोग अर्पित किया गया तथा भव्य आरती की गई। इसके उपरांत महाप्रसाद के रूप में चावल, छोले और हलवे का वितरण किया गया। आयोजन में लगभग 5 हजार श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण कर भगवान श्रीजगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर अनुप केड़िया, कौशलेंद्र प्रताप और डॉ. रंजीत प्रकाश विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं पूरे आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, स्वयंसेवकों और नगरवासियों की सहभागिता रही, जिससे गयाजी नगरी भक्तिरस और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर हो उठी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page