उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने गयाजी में विधायक प्रबोधन कार्यक्रम का किया उद्घाटन
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 11 जुलाई 2026,
गयाजी: बिहार विधान सभा सचिवालय, लोकसभा सचिवालय की संस्था PRIDE एवं बिपार्ड, गयाजी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम का शनिवार को भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने उद्घाटन किया। कार्यक्रम में बिहार विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि गयाजी ज्ञान, करुणा और लोकतांत्रिक मूल्यों की पावन धरती है तथा यह प्रशिक्षण जनप्रतिनिधियों की कार्यक्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित होगा।
उपराष्ट्रपति ने अपने संबोधन में कहा कि चुनाव जीतना लोकतंत्र की पहली सीढ़ी है, लेकिन जनता का स्थायी विश्वास सेवा और संवेदनशील नेतृत्व से ही प्राप्त होता है। उन्होंने बिहार से युवाओं के पलायन को रोकने और राज्य को रोजगार का केंद्र बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सय्यद अता हसनैन ने बदलते तकनीकी दौर में सतत प्रशिक्षण और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की समझ को आवश्यक बताया। वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कार्यक्रम को लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने वाली पहल बताते हुए जनप्रतिनिधियों से अपने क्षेत्रों के विकास की ठोस रणनीति बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उद्घाटन के बाद वृक्षारोपण, समूह छायांकन तथा संसदीय प्रक्रिया, आचार संहिता, प्रश्नकाल एवं नेवा (NeVA) जैसी आधुनिक संसदीय तकनीकों पर विशेषज्ञों ने प्रशिक्षण दिया।
