सीयूएसबी में शुरू हुआ एमएससी एग्रीकल्चर कोर्स, 13 जुलाई तक करें ऑनलाइन आवेदन

0
IMG-20260704-WA0005.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 04 जुलाई 2026,

गयाजी: दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) ने क्षेत्रीय आवश्यकताओं और कृषि शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शैक्षणिक सत्र 2026–27 से एमएससी एग्रीकल्चर पाठ्यक्रम की शुरुआत की है। विश्वविद्यालय ने इस नए स्नातकोत्तर कार्यक्रम में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी 13 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

कृषि शिक्षा और शोध को मिलेगा नया आयाम

सीयूएसबी के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य क्षेत्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि “समुदाय के लिए परिसर” की अवधारणा को आगे बढ़ाते हुए यह पाठ्यक्रम विशेष रूप से बिहार और मगध क्षेत्र जैसे कृषि प्रधान इलाकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर शुरू किया गया है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में शुरू किए गए चार वर्षीय बीएससी (ऑनर्स) एग्रीकल्चर कार्यक्रम को देशभर के विद्यार्थियों से बेहतर प्रतिक्रिया मिली थी। अब एमएससी एग्रीकल्चर की शुरुआत से कृषि क्षेत्र में उच्च शिक्षा, शोध और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।

तीन विषयों में होगा नामांकन

परीक्षा नियंत्रक डॉ. शान्तिगोपाल पाइन ने बताया कि एमएससी एग्रीकल्चर में कुल 15 सीटों पर प्रवेश लिया जाएगा। इनमें—

🔹एमएससी एग्रीकल्चर (एग्रोनॉमी) – 5 सीटें

🔹एमएससी एग्रीकल्चर (हॉर्टिकल्चर) – 5 सीटें

🔹एमएससी एग्रीकल्चर (जेनेटिक्स एंड प्लांट ब्रीडिंग) – 5 सीटें


इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी के पास बीएससी/बीएससी (ऑनर्स) एग्रीकल्चर अथवा हॉर्टिकल्चर की डिग्री होना अनिवार्य है।

15 जुलाई को होगी प्रवेश परीक्षा

उपकुलसचिव (अकादमिक एवं परीक्षा) कुमार कौशल ने बताया कि प्रवेश विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित लिखित प्रवेश परीक्षा के माध्यम से होगा। परीक्षा 15 जुलाई 2026 को सीयूएसबी परिसर, गया में आयोजित की जाएगी। प्रश्नपत्र में 100 वस्तुनिष्ठ (एमसीक्यू) प्रश्न होंगे, जो बीएससी एग्रीकल्चर एवं हॉर्टिकल्चर के पाठ्यक्रम पर आधारित होंगे।

13 जुलाई तक करें ऑनलाइन आवेदन

विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी समर्थ (SAMARTH) प्रवेश पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 500 रुपये, जबकि एससी, एसटी एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 200 रुपये निर्धारित किया गया है।

ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई 2026 है।

विद्यार्थियों के लिए सुनहरा अवसर

विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि एमएससी एग्रीकल्चर पाठ्यक्रम की शुरुआत से बिहार सहित पूर्वी भारत के विद्यार्थियों को कृषि शिक्षा और शोध के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण अवसर मिलेंगे। यह कार्यक्रम आधुनिक कृषि तकनीक, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

धान की रोपनी करते विद्यार्थी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page