जिले के टॉप 10 अपराधियों में शामिल अमित कुमार बंधुआ गुमटी के पास से गिरफ्तार

0
IMG-20260701-WA0007.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 01 जुलाई 2026

गयाजी: जिले में अपराध नियंत्रण और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गयाजी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने जिले के टॉप-10 अपराधियों में शामिल 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी डकैती के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था।

बंधुआ गुमटी के पास घेराबंदी कर किया गिरफ्तार

विशेष टीम को गुप्त सूचना मिली कि इनामी अपराधी अमित कुमार बंधुआ गुमटी के पास मौजूद है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही एक युवक भागने लगा, जिसे सशस्त्र बल के सहयोग से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान अमित कुमार, पिता छोटू राम, निवासी गेवाल बिगहा समीर तकिया, थाना रामपुर, जिला गयाजी के रूप में बताई। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

होमगार्ड अभ्यर्थियों से हथियार के बल पर लूट का आरोप

पुलिस के अनुसार, 28 मई 2025 को दो युवक मोटरसाइकिल से होमगार्ड बहाली में शामिल होने के लिए बोधगया जा रहे थे। रास्ते में दो मोटरसाइकिलों पर सवार अपराधियों ने पिस्टल का भय दिखाकर उनका मोबाइल फोन, सोने का लॉकेट, मोटरसाइकिल और नकदी लूट ली थी।

इस मामले में मुफस्सिल थाना कांड संख्या-502/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 310(2) में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अनुसंधान के दौरान अमित कुमार की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद से वह गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था।

अन्य साथियों की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि इस कांड में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर उसके सहयोगियों और आपराधिक नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

पहले भी दर्ज है गंभीर आपराधिक मामला

पुलिस के अनुसार, अमित कुमार के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामला दर्ज है। उसके विरुद्ध रामपुर थाना कांड संख्या-274/24 (दिनांक 14 जून 2024) में हत्या के प्रयास, मारपीट, महिला से दुर्व्यवहार, धमकी तथा आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज है।

पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा और फरार व इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page