मुजफ्फरपुर अग्निकांड के बाद गयाजी में फायर विभाग की बड़ी कार्रवाई, 42 अस्पताल और होटल को नोटिस

0
Screenshot_20260610_103430.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 09 जून 2026,

गयाजी। मुजफ्फरपुर में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद बिहार में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में गयाजी जिले में अग्निशमन विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष फायर सेफ्टी ऑडिट अभियान के दौरान कई अस्पतालों और होटलों में गंभीर खामियां पाई गई हैं। जांच के बाद 42 संस्थानों को नोटिस जारी किया गया है।

73 अस्पताल और 86 होटलों का किया गया ऑडिट

जिला अग्निशमन पदाधिकारी अमन कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि जिले में अस्पतालों एवं होटलों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक जांच की जा रही है। अब तक 73 अस्पतालों और 86 होटलों का फायर सेफ्टी ऑडिट किया जा चुका है।

42 संस्थानों में मिली सुरक्षा संबंधी गंभीर कमियां

जांच के दौरान 42 ऐसे अस्पताल और होटल चिन्हित किए गए, जहां अग्नि सुरक्षा मानकों का पूर्ण रूप से पालन नहीं किया जा रहा था। इन संस्थानों को प्रपत्र ‘स’ के तहत नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा के भीतर फायर एनओसी प्राप्त करने तथा आवश्यक अग्नि सुरक्षा उपकरण एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

अनुपालन नहीं करने पर होगी सख्त कार्रवाई

जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अग्नि सुरक्षा नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित अवधि के भीतर आवश्यक सुधार नहीं करने वाले संस्थानों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित भवनों को सील करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

लोगों की सुरक्षा से जुड़ा है अग्नि सुरक्षा का विषय

अमन कुमार सिंह ने कहा कि अग्नि सुरक्षा केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह लोगों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है। सभी संस्थानों को निर्धारित मानकों का पालन करना अनिवार्य है ताकि किसी भी आपात स्थिति में जान-माल की क्षति को रोका जा सके।

सिनेमा हॉल, अपार्टमेंट और पेट्रोल पंप भी होंगे जांच के दायरे में
उन्होंने बताया कि विभाग का विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। आगामी दिनों में जिले के सिनेमा हॉल, अपार्टमेंट, पेट्रोल पंप तथा अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों का भी फायर सेफ्टी ऑडिट किया जाएगा, ताकि अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page