विश्व पर्यावरण दिवस पर सीयूएसबी में वेबिनार और प्रतियोगिताओं का आयोजन, जलवायु चुनौतियों पर हुई चर्चा
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 08 जून 2026,
गयाजी: सोमवार को दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के पर्यावरण विज्ञान विभाग द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस सप्ताह के अवसर पर “प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” विषय पर वेबिनार एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सेंटर फॉर क्लाइमेट एंड लाइफ के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कुलपति कामेश्वर नाथ सिंह के संरक्षण में किया गया। इसका नेतृत्व पर्यावरण विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष एवं संयोजक राजेश कुमार रंजन ने किया। वहीं सेंटर फॉर क्लाइमेट एंड लाइफ के नोडल अधिकारी प्रधान पार्थ सारथी के मार्गदर्शन में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
विशेषज्ञों ने पर्यावरणीय चुनौतियों पर रखे विचार
वेबिनार में चंदर कुमार सिंह तथा अखिलेश मिश्रा मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। प्रो. चंदर कुमार सिंह ने भारत में आर्सेनिक विषाक्तता, उसके स्रोतों, स्वास्थ्य पर प्रभाव और उसके समाधान पर विस्तृत व्याख्यान दिया। वहीं डॉ. अखिलेश मिश्रा ने विश्व पर्यावरण दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पर्यावरण और जलवायु संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
शैक्षणिक संस्थानों की भूमिका पर दिया गया बल
कार्यक्रम के दौरान प्रो. राजेश कुमार रंजन ने पर्यावरण संरक्षण और जलवायु कार्रवाई की बढ़ती आवश्यकता पर प्रकाश डाला। प्रो. पार्थ सारथी प्रधान ने सतत विकास और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने में शैक्षणिक संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
फोटोग्राफी, पोस्टर और भाषण प्रतियोगिताओं में दिखी प्रतिभा
विश्व पर्यावरण दिवस समारोह के अंतर्गत फोटोग्राफी, पोस्टर/पेंटिंग तथा एक्सटेम्पोर (तत्काल भाषण) प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में स्नातक, स्नातकोत्तर एवं शोधार्थी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मिला सम्मान
पोस्टर एवं पेंटिंग प्रतियोगिता में सोनी ने प्रथम, सुप्रिया कुमारी ने द्वितीय तथा अनामिका महतो ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। एक्सटेम्पोर प्रतियोगिता में सौम्या प्रथम, अनामिका महतो द्वितीय और निखिल राज तृतीय स्थान पर रहे। वहीं फोटोग्राफी प्रतियोगिता में अविनाश दास ने प्रथम, सोनालिका पटेल ने द्वितीय तथा प्रणति गुप्ता ने तृतीय स्थान हासिल किया।
शोधार्थियों ने निभाई अहम भूमिका
कार्यक्रम के सफल आयोजन में पर्यावरण विज्ञान विभाग के पीएचडी प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों पी.एन. रथ, आशीष यादव, पल्लवी, जुही, एनी आनंद, श्वेता एवं अनुष्का ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
