सामाजिक सुरक्षा पेंशन का भुगतान हर माह 10 तारीख तक सुनिश्चित करें: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

0
1780332576121.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | पटना | 01 जून 2026,

पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में समाज कल्याण विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

पेंशन राशि में देरी नहीं होनी चाहिए

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत प्रत्येक माह की 10 तारीख तक लाभार्थियों के बैंक खातों में राशि का भुगतान हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पेंशन भुगतान में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

आंगनबाड़ी केंद्रों की तकनीकी निगरानी पर जोर

मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर प्रदान की जा रही सेवाओं की तकनीकी माध्यमों से सघन निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने सेविका-सहायिका तथा लक्षित बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र जितने सुदृढ़ और गुणवत्तापूर्ण होंगे, बच्चों का सर्वांगीण विकास उतना ही बेहतर होगा।

स्टंटिंग और वेस्टिंग में सुधार सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बच्चों में कुपोषण से जुड़े स्टंटिंग और वेस्टिंग के आंकड़ों में सुधार करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और सतत निगरानी की आवश्यकता है।

परवरिश योजना का दायरा बढ़ाने का निर्देश

बैठक में मुख्यमंत्री ने परवरिश योजना सहित अन्य सामाजिक कल्याणकारी योजनाओं के दायरे का विस्तार करने और अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करने का निर्देश दिया। उन्होंने योजनाओं के तहत दी जाने वाली सहायता राशि एवं अन्य सुविधाओं की पुनर्समीक्षा करने को भी कहा।

रिक्त पदों पर जल्द होगी नियुक्ति

मुख्यमंत्री ने समाज कल्याण विभाग में रिक्त पदों को शीघ्र भरने की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के माध्यम से सहयोग प्राप्त करने की संभावनाओं पर भी कार्य करने को कहा।

पारदर्शिता और समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष बल

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए तथा लाभार्थियों को निर्धारित सेवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता और समयबद्ध निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि समाज के कमजोर और वंचित वर्गों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ पहुंच सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page