नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति में सरिका वर्मा की शानदार एंट्री, पहली जीत में ही दर्ज की बड़ी सफलता

0
20260529_203625.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 30 मई 2026,

गयाजी: नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति के चुनाव में इस बार जहां पांच पुराने चेहरों ने अपनी जीत बरकरार रखी, वहीं एक नया नाम सबसे अधिक चर्चा में रहा। पहली बार चुनाव मैदान में उतरीं सरिका वर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की और नगर निगम की राजनीति में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई।

गया नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति के सात पदों के लिए हुए चुनाव में अनुभव और नए नेतृत्व का अनोखा संगम देखने को मिला। कुल सात सीटों में से पांच सीटों पर पुराने सदस्यों ने दोबारा जीत दर्ज की, जबकि दो नए चेहरों ने पहली बार समिति में अपनी जगह बनाई।

इन नए चेहरों में सरिका वर्मा की जीत विशेष रूप से चर्चा का विषय बनी हुई है। पहली बार चुनाव लड़ रही सरिका वर्मा ने मजबूत दावेदार स्वर्णलता वर्मा को पराजित कर सशक्त स्थायी समिति में प्रवेश किया। उनकी जीत को नगर निगम की राजनीति में उभरते नए नेतृत्व और जनता के विश्वास का प्रतीक माना जा रहा है।

चुनाव परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। सरिका वर्मा को फूल-मालाओं से स्वागत किया गया और समर्थकों ने जीत का जश्न मनाया। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उनकी जीत आने वाले दिनों में नगर निगम की कार्यशैली और विकास योजनाओं में नई सोच और नई ऊर्जा का संचार कर सकती है।

वहीं, उपेंद्र कुमार ने भी पहली बार जीत दर्ज करते हुए गजेंद्र सिंह को हराकर समिति में अपनी जगह बनाई। दूसरी ओर अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव, मनोज कुमार, चुन्नू खान, विनोद कुमार यादव और तबस्सुम परवीन ने अपनी सीट बचाकर अनुभव की ताकत का परिचय दिया।

पहली बार जीतकर सशक्त स्थायी समिति में पहुंचीं सरिका वर्मा से अब लोगों को विकास और जनहित के मुद्दों पर नई पहल की उम्मीद है। आने वाले समय में उनकी भूमिका पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page