गुरुआ बाजार लूटकांड को लेकर पुलिस एक्शन मोड में, आईजी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 28 मई 2026,
गयाजी: जिले के गुरुआ थाना क्षेत्र स्थित गुरुआ बाजार में 27 मई 2026 की शाम करीब 7 बजे अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी को गोली मारकर करीब 40 लाख रुपए मूल्य के जेवरात एवं नगद रुपये लूट लिए थे। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया है। इसको लेकर गुरुवार को मगध रेंज के आईजी विकास वैभव और जिले के एसएसपी सुशील कुमार द्वारा घटना स्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया।
आईजी ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक, मगध क्षेत्र, विकास वैभव ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक, सुशील कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शेरघाटी-1 एवं गुरुआ थाना अध्यक्ष के साथ घटना की विस्तृत समीक्षा की गई। आईजी ने मामले के त्वरित उद्भेदन और सभी अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी को लेकर कई आवश्यक निर्देश दिए।
व्यवसायियों के साथ हुई महत्वपूर्ण बैठक
निरीक्षण के बाद पुलिस महानिरीक्षक ने गुरुआ बाजार के व्यवसायियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है और अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
एसआईटी का गठन, लगातार चल रही छापेमारी
घटना के उद्भेदन के लिए नगर पुलिस अधीक्षक, कोटा किरण कुमार के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया है। तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर संभावित ठिकानों पर लगातार सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस ने जल्द खुलासे का जताया भरोसा
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस ने जल्द ही घटना का खुलासा कर अपराधियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।
