तपोवन मलमास मेला का भव्य शुभारंभ, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

0
Screenshot_2026_0517_232911.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 17 मई 2026,

मोहड़ा: गयाजी जिले के मोहड़ा प्रखंड स्थित ऐतिहासिक तपोवन में रविवार को 30 दिवसीय मलमास मेला का भव्य उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में श्रद्धालुओं, ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय और उत्सवी माहौल में सराबोर दिखा। मेला का उद्घाटन जिला परिषद अध्यक्ष नैना कुमारी, नीमचक बथानी एसडीओ केशव आनंद, मोहड़ा बीडीओ मुकेश कुमार यादव एवं मोहड़ा सीओ राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद अधिकारियों ने मेला परिसर का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है तपोवन

अधिकारियों ने कहा कि तपोवन धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है। मलमास के अवसर पर यहां दूर-दराज से हजारों श्रद्धालु पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेने पहुंचते हैं। मेले को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संचालित कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

सांस्कृतिक कार्यक्रम और बाजार बने आकर्षण का केंद्र

मेले में धार्मिक आयोजनों के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है। वहीं झूले, मीना बाजार और खान-पान की दुकानों ने मेले की रौनक बढ़ा दी है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में मेले को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।

सुरक्षा और सुविधाओं के विशेष इंतजाम

प्रशासन की ओर से सुरक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य सेवा, साफ-सफाई एवं यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि मेले के दौरान लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक

स्थानीय लोगों ने बताया कि तपोवन मलमास मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का प्रतीक माना जाता है। मेले के शुभारंभ के साथ ही पूरे इलाके में उत्सवी माहौल कायम हो गया है और श्रद्धालुओं की लगातार भीड़ उमड़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page