बाराचट्टी विधायक ज्योति मांझी के काफिले पर हमला, FIR दर्ज

0
image_search_1779096441691.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 18 मई 2026,

गयाजी: जिले के मोहनपुर प्रखंड में बाराचट्टी विधायक ज्योति मांझी के काफिले पर कथित हमले का मामला सामने आया है। विधायक ने इसे सुनियोजित हमला बताते हुए आरोप लगाया है कि रास्ता रोककर उनके काफिले पर हमला किया गया, सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट की गई और उन्हें जान से मारने की कोशिश की गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।

गंभीरा गांव जाने के दौरान हुई घटना

जानकारी के अनुसार विधायक ज्योति मांझी 17 मई को अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत बुमुआर पंचायत के गंभीरा गांव जा रही थीं। आरोप है कि बाराचट्टी प्रशासन उन्हें बिंदा तक सुरक्षित छोड़कर वापस लौट गया। इसी दौरान नदी पार कर गंभीरा गांव जाने वाले रास्ते में सामने से आ रही एक सवारी गाड़ी ने उनके काफिले का रास्ता रोक दिया।
“बाराचट्टी विधायक” लिखी गाड़ी पर लगे गंभीर आरोप
विधायक के आवेदन के अनुसार जिस वाहन ने रास्ता रोका था, उस पर “बाराचट्टी विधायक” लिखा हुआ था और उसमें सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे। विधायक का आरोप है कि चालक द्वारा कई बार डिपर देने के बावजूद सामने वाले वाहन चालक ने जानबूझकर बीच सड़क पर गाड़ी खड़ी कर दी।
विधायक और सुरक्षाकर्मियों से धक्का-मुक्की
आरोप है कि रास्ता खाली करने का अनुरोध करने पर दूसरी गाड़ी में सवार 15 से 20 लोग उग्र हो गए। विधायक ने आरोप लगाया कि उनके सुरक्षाकर्मियों का कॉलर पकड़कर मारपीट की गई तथा जातिसूचक गालियां दी गईं। इतना ही नहीं, हमलावर विधायक की गाड़ी तक पहुंच गए और शीशे पर हमला करते हुए उन्हें गाड़ी से बाहर निकालने की कोशिश की।
ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित निकलीं विधायक
घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। विधायक ने बताया कि वह काफी दहशत में आ गई थीं। बाद में स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें, उनके सुरक्षाकर्मियों और सहयोगियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
पहले से धमकी और हमले का आरोप
विधायक ने अपने आवेदन में कहा है कि वर्ष 2025 विधानसभा चुनाव के समय से ही उन पर और उनके समर्थकों पर लगातार हमले होते रहे हैं। प्रशासन को कई बार इसकी सूचना दी गई, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। इस बार उन्होंने घटना से जुड़े वीडियो और तस्वीरें भी पुलिस को साक्ष्य के रूप में सौंपे हैं।
कई लोगों को बनाया गया नामजद आरोपी
मामले में पलटु यादव, सुनील यादव, दीपक यादव, सीता यादव, कारु मालाकार, राहुल मालाकार और विक्रम ठाकुर समेत कई लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। विधायक ने मोहनपुर थाना से पूरे मामले की गंभीर जांच कर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जांच में जुटी पुलिस
इधर, इस संबंध में अमित जायसवाल ने बताया कि वह स्वयं मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रहे हैं। उन्होंने विधायक के साथ हुई घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि आवेदन और उपलब्ध वीडियो के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Slug:
Attack On Barachatti MLA Jyoti Manjhi’s Convoy In Gaya, FIR Registered

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page