संवेदनशील गवाहों की सुरक्षा के लिए वीडब्ल्यूडीसी का उपयोग बढ़ाने पर जोर, प्रभारी जिला जज ने दिए निर्देश
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 16 अप्रैल 2026,
गयाजी: District Legal Services Authority Gaya के तत्वावधान में गुरुवार को सिविल कोर्ट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार शशिकांत ओझा ने की। बैठक को संबोधित करते हुए जिला जज ने कहा कि संवेदनशील गवाहों की गवाही Vulnerable Witness Deposition Centre (वीडब्ल्यूडीसी) के माध्यम से शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में कराई जा सकती है। इससे डरे-सहमे गवाह बिना किसी दबाव के न्यायिक प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।
गवाहों को डराने-धमकाने से मिलेगी सुरक्षा
उन्होंने स्पष्ट किया कि वीडब्ल्यूडीसी का मुख्य उद्देश्य गवाहों को किसी भी प्रकार के भय या दबाव से बचाना और उन्हें न्याय प्रक्रिया में सहज भागीदारी का माहौल देना है।
किन्हें मिलेगा लाभ
परिवार न्यायालय के न्यायाधीश सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चे, यौन अपराधों के पीड़ित तथा वे गवाह जिन्हें शारीरिक, मानसिक या भावनात्मक रूप से धमकी का सामना करना पड़ रहा हो, उनकी गवाही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अलग कमरे में ली जाएगी। इससे उन्हें आरोपी के सामने आने की आवश्यकता नहीं होगी।
बैठक में प्रभारी जिला जज शशिकांत ओझा, परिवार न्यायालय न्यायाधीश सुनील कुमार वर्मा, सचिव अरविंद कुमार दास सहित सभी न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
