जहानाबाद हॉस्टल कांड का बड़ा खुलासा: यूकेजी छात्र से दुष्कर्म के बाद हत्या, कैंटीन गार्ड गिरफ्तार
आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 10 अप्रैल 2026,
जहानाबाद; जिले के कड़ौना थाना क्षेत्र अंतर्गत कनौदी-लोदीपुर के समीप स्थित गुरुकुल हॉस्टल में 6 अप्रैल को यूकेजी के एक मासूम छात्र की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में यह सामने आया है कि छात्र के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी निर्मम हत्या की गई। इस जघन्य वारदात में हॉस्टल के कैंटीन गार्ड मुकेश कुमार उर्फ सुदामा (46 वर्ष) की संलिप्तता पाई गई जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर पत्रकारों के साथ साझा की है।
घटना के बाद आक्रोश, NH-22 को किया गया था जाम
घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था। आक्रोशित ग्रामीणों ने NH-22 को जाम कर दिया था, जिसे पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर समझा-बुझाकर हटवाया। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया।
POCSO एक्ट के तहत केस, संचालक भी गिरफ्तार
मृतक के पिता के आवेदन पर कड़ौना थाना कांड संख्या 321/26 दर्ज किया गया, जिसमें POCSO एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराएं लगाई गईं। प्राथमिकी के आधार पर हॉस्टल संचालक तरुण कुमार उर्फ गांधी सर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए SIT (विशेष जांच दल) का गठन किया गया।
मासूम की पहचान, परिवार में मातम
मृतक बच्चे की पहचान बुलाकी बीघा गांव निवासी धनंजय कुमार के पुत्र आशु कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे इलाके में शोक और गुस्से का माहौल बना हुआ है।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान ने प्रेस वार्ता में बताया कि वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि घटना के समय वह नशे में था।
हत्या के पीछे मानसिक कुंठा और व्यक्तिगत कारण
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी पारिवारिक रूप से अकेला था और मानसिक रूप से असामान्य व्यवहार करता था। बच्चों द्वारा चिढ़ाए जाने और हॉस्टल प्रबंधन से विवाद के कारण वह कुंठित रहता था। इसी मानसिक स्थिति में उसने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया।
वैज्ञानिक साक्ष्यों से हुआ खुलासा
विधि-विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की जांच में कई अहम साक्ष्य सामने आए हैं:
🔹आरोपी के तकिए के कवर पर खून के धब्बे पाए गए
🔹रसोई के पाइप में खून के अंश की पुष्टि हुई
🔹CCTV फुटेज में आरोपी की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं
इन साक्ष्यों ने आरोपी की संलिप्तता को मजबूत आधार प्रदान किया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म और हत्या की पुष्टि
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छात्र के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल धारदार ब्लेड भी बरामद कर लिया है।
सख्त कार्रवाई और स्पीडी ट्रायल की तैयारी
पुलिस प्रशासन ने आरोपी के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाकर सख्त से सख्त सजा दिलाने की बात कही है। साथ ही जिला प्रशासन ने सभी हॉस्टलों की जांच के लिए विशेष टीम गठित की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
