आज से लागू हो गया बिजली बिल का नया (TOD) टैरिफ, इसके बाद भी मिलेगी राहत
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 01 अप्रैल 2026,
गयाजी; राज्य सरकार की 125 यूनिट तक निःशुल्क बिजली योजना का लाभ लेते हुए लगभग 90 प्रतिशत घरेलू उपभोक्ताओं का मासिक बिजली बिल शून्य आ रहा है। विभाग के अनुसार, टाइम ऑफ डे (TOD) टैरिफ लागू होने के बाद भी इन उपभोक्ताओं के बिल पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा और उनका बिल शून्य ही रहेगा।
125 यूनिट से अधिक खपत पर भी घटा दर
125 यूनिट से अधिक बिजली खपत करने वाले, विशेषकर शहरी क्षेत्र के स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को भी राहत दी गई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में जहां प्रति यूनिट प्रभावी दर ₹5.27 थी, वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 में यह घटकर ₹3.87 प्रति यूनिट हो गई है।
TOD टैरिफ में अलग-अलग समय पर अलग दर
नई व्यवस्था के तहत समय के अनुसार बिजली दरें तय की गई हैं:
🔹सामान्य समय (सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक): ₹3.87 प्रति यूनिट
🔹ऑफ-पीक समय (रात 11 बजे से सुबह 9 बजे तक): ₹2.38 प्रति यूनिट
🔹पीक समय (शाम 5 बजे से रात 11 बजे तक): ₹4.61 प्रति यूनिट
पहले की तुलना में सस्ती हुई बिजली
तुलनात्मक आंकड़ों के अनुसार:
🔹पीक समय में भी दर ₹5.27 से घटकर ₹4.61 हो गई (₹0.66 की कमी)
🔹सामान्य समय में ₹1.40 प्रति यूनिट की राहत
🔹ऑफ-पीक समय में सबसे ज्यादा ₹2.88 प्रति यूनिट की कमी
सरकार की सब्सिडी से मिली बड़ी राहत
राज्य सरकार द्वारा प्रति यूनिट अनुदान देने के बाद उपभोक्ताओं को कम दर पर बिजली मिल रही है। इससे स्पष्ट है कि TOD टैरिफ लागू होने के बावजूद उपभोक्ताओं को पहले की तुलना में अधिक राहत मिल रही है।
उपभोक्ताओं को समझदारी से उपयोग की सलाह
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि उपभोक्ता ऑफ-पीक समय में अधिक बिजली का उपयोग करेंगे तो उन्हें और भी कम बिल देना पड़ेगा। मानपुर डिवीजन के कार्यपालक अभियंता अजय कुमार ने बताया कि इस नए टैरिफ से उपभोक्ताओं को कोई खास फर्क नहीं पड़ेगा, हालांकि पीक समय में ज्यादा इस्तेमाल पर कुछ ज्यादा बिल देना पड़ सकता है फिर भी उन्हें पहले की अपेक्षा कम बिजली बिल का ही भुगतान करना पड़ेगा।
