राष्ट्रीय युवा संसद में भाग लेने नागपुर रवाना हुआ सीयूएसबी का प्रतिनिधिमंडल
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 20 मार्च 2026,
गयाजी; दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) का प्रतिनिधिमंडल नागपुर में आयोजित हो रहे 29वें राष्ट्रीय युवा संसद सत्र में भाग लेने के लिए रवाना हो गया। रवाना होने से पूर्व कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की।
23 मार्च तक चलेगा राष्ट्रीय आयोजन
यह राष्ट्रीय कार्यक्रम केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली तथा इंडिया यूथ पार्लियामेंट-मीडिया फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में नागपुर में 23 मार्च 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष युवा संसद का मुख्य विषय “भारतीय भाषाएँ एवं विकसित भारत 2047” रखा गया है।
शोध और रचनात्मक विचार रखने की सलाह
कुलपति प्रो. के. एन. सिंह ने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को अपनी ऊर्जा को सकारात्मक और रचनात्मक बौद्धिक गतिविधियों में लगाने की सलाह दी। उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय मुद्दों पर गहन शोध कर रचनात्मक विचार प्रस्तुत करने पर जोर दिया, जिससे लोकतंत्र को मजबूती मिले और राष्ट्र के विकास के लिए नीतियों के निर्माण में मदद मिल सके।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल सदस्य
सीयूएसबी के प्रतिनिधिमंडल में फैकल्टी प्रतिनिधि के रूप में राजनीति अध्ययन विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. जाधव प्रताप सिंह तथा छात्र सदस्य के रूप में शिवम कुमार, प्राची सिंह दीक्षित और अंशु रानी शामिल हैं।
लोकतांत्रिक मूल्यों को बढ़ावा देने का मंच
जनसंपर्क पदाधिकारी मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि यह राष्ट्रीय मंच छात्रों और युवा शिक्षकों में नेतृत्व क्षमता, वाद-विवाद कौशल, संवाद और आलोचनात्मक सोच को विकसित करने का अवसर प्रदान करता है।
इस अवसर पर डीएसडब्ल्यू प्रो. पवन कुमार मिश्रा, राजनीति अध्ययन विभाग के अध्यक्ष प्रो. प्रवीण कुमार तथा जनसंचार विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. सुजीत कुमार भी उपस्थित रहे और प्रतिनिधिमंडल का मार्गदर्शन किया।