राज्यसभा चुनाव में अनुपस्थित रहने वाले कांग्रेस विधायकों के खिलाफ गयाजी में पुतला दहन, कार्रवाई की मांग
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 17 मार्च 2026,
गयाजी; राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के तीन विधायकों के मतदान से अनुपस्थित रहने के विरोध में मंगलवार को गयाजी के टावर चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने वाल्मीकि नगर के विधायक सुरेश कुमार, फारबिसगंज के विधायक मनोज विश्वास और मनिहारी के विधायक मनोहर कुमार सिंह का पुतला दहन कर पार्टी आलाकमान से कड़ी कार्रवाई की मांग की।
आलाकमान से की सख्त कार्रवाई की मांग
विरोध प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश की आजादी और लोकतंत्र को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली 141 वर्ष पुरानी कांग्रेस पार्टी के लिए यह घटना शर्मसार करने वाली है। उन्होंने कहा कि बिहार के छह कांग्रेस विधायकों में से तीन का राज्यसभा चुनाव के दौरान अनुपस्थित रहना एक सुनियोजित साजिश की ओर इशारा करता है।
कांग्रेस नेताओं ने जताई नाराजगी
पुतला दहन कार्यक्रम में बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रतिनिधि सह प्रवक्ता विजय कुमार मिट्ठू, पूर्व विधायक मोहम्मद खान अली, जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष डॉ. गगन मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष बाबूलाल प्रसाद सिंह, राम प्रमोद सिंह, दामोदर गोस्वामी, टिंकू गिरी, विपिन बिहारी सिन्हा, राजीव कुमार सिंह उर्फ लबी सिंह, शिव कुमार चौरसिया, आफताब आलम, धर्मेंद्र कुमार निराला और सुनील कुमार पासवान सहित कई कार्यकर्ता शामिल हुए।
तीनों विधायकों पर लगाया धोखा देने का आरोप
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में इन तीनों विधायकों के आचरण से पार्टी कार्यकर्ताओं और बिहार के जनमानस के बीच कांग्रेस को शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व से मांग की कि इस मामले में संबंधित विधायकों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
पार्टी में संरक्षण देने वालों पर भी कार्रवाई की मांग
नेताओं ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अपने ही लोगों से धोखा मिला है। उन्होंने तीनों विधायकों की राजनीतिक पृष्ठभूमि की गहन जांच कराने और पार्टी में उन्हें संरक्षण देने वाले नेताओं पर भी कार्रवाई करने की मांग की।