अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर शेरघाटी में वन स्टॉप सेंटर का उद्घाटन, महिला सशक्तिकरण पर दिया गया जोर

0
IMG-20260308-WA0004.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 08 मार्च 2026,

गयाजी; अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा गयाजी जिले के शेरघाटी में वन स्टॉप सेंटर का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक शिक्षा महाविद्यालय, शेरघाटी में महिला एवं बाल विकास निगम गयाजी और कवच परियोजना के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त और जिला प्रोग्राम पदाधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

बाल विवाह रोकथाम में योगदान देने वाली 7 महिला मुखियाओं का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह की रोकथाम और बाल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली गयाजी जिले की 7 महिला मुखियाओं को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर अधिकारियों ने कहा कि समाज से बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने में जनप्रतिनिधियों और समाज की सक्रिय भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

बालिकाओं ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम

इस अवसर पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, शेरघाटी तथा चंदौती के किशोरी समूह की बालिकाओं ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर कार्यक्रम को प्रेरणादायक बना दिया। साथ ही चार किशोरी समूह संगठनों की बालिकाओं को बाल विवाह रोकथाम और जन-जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

निकाली गई जागरूकता रैली

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों द्वारा बाल विवाह की रोकथाम और महिला सशक्तिकरण को लेकर एक जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के अंत में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ समारोह का समापन हुआ। इस कार्यक्रम का आयोजन महिला एवं बाल विकास निगम, गयाजी तथा कवच परियोजना सेंटर डायरेक्ट के संयुक्त प्रयास से सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page