खिजरसराय बाजार में बिना परमिट प्रवेश पर कार्रवाई, एक बस का कटा चालान
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 31 जनवरी 2026,
गयाजी; खिजरसराय बाजार में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या को देखते हुए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में आज दिनांक 31 जनवरी 2026 को बिना वैध परमिट खिजरसराय बाजार में प्रवेश कर रही एक बस के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई नीमचक बथानी अनुमंडल पदाधिकारी केशव आनंद द्वारा की गई। उन्होंने बताया कि बेलागंज से आ रही एक बस जब खिजरसराय बाजार में प्रवेश कर रही थी, तो उससे परमिट की जांच की गई। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि संबंधित बस का परमिट केवल श्रीपुर तक का ही था, जबकि बस चालक बिना अनुमति खिजरसराय बाजार में प्रवेश कर गया था। इस नियम उल्लंघन के कारण बस का चालान काटा गया।
कार्रवाई के दायरे में आई बस का पंजीकरण संख्या BR09PA 2956 है। अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि मामले की अग्रतर कार्रवाई के लिए जिला परिवहन पदाधिकारी को लिखित रूप से सूचना भेज दी गई है, ताकि नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन की ओर से सभी बस संचालकों को कड़ी चेतावनी दी गई है कि वे बिना वैध परमिट खिजरसराय बाजार में प्रवेश न करें। नियमों की अनदेखी करने पर आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
