10 फरवरी को गयाजी में आयोजित होगी भव्य गौर–निताई शोभायात्रा

0
IMG-20260124-WA0007.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 24 जनवरी 2026,

गयाजी; अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (ISKCON), गयाजी के तत्वावधान में आगामी 10 फरवरी 2026 (सोमवार) को नगर में श्री श्री गौर–निताई की भव्य शोभायात्रा का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ किया जाएगा। यह आयोजन हरिनाम संकीर्तन, भक्ति और सामाजिक सौहार्द का संदेश लेकर नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगा।

गुरु महाराज की पावन उपस्थिति रहेगी विशेष आकर्षण

इस्कॉन गयाजी के मंदिर प्रबंधक श्री जगदीश श्याम दास जी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस दिव्य शोभायात्रा में परम पूज्य भक्ति आश्रय वैष्णव स्वामी महाराज, जो इस्कॉन के वरिष्ठ गुरु हैं, की मंगलमय एवं पावन उपस्थिति भक्तों के लिए विशेष प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

56 भोग अर्पण एवं आरती के साथ होगा शुभारंभ

शोभायात्रा के प्रारंभ से पूर्व श्री श्री गौर–निताई को 56 भोग का भव्य अर्पण किया जाएगा। इसके पश्चात आरती एवं हरिनाम संकीर्तन के साथ शोभायात्रा का विधिवत शुभारंभ होगा। पूरे मार्ग में भक्तों द्वारा मधुर कीर्तन, मृदंग, करताल और भक्तिमय नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे, जिससे नगर का वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो जाएगा।

नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकलेगी शोभायात्रा

शोभायात्रा का मार्ग इस्कॉन मंदिर, गयाजी से प्रारंभ होकर
जय प्रकाश झरना → काशीनाथ मोड़ → सिविल लाइंस → जी.बी. रोड → टेकरी रोड → बाटा मोड़ → स्वराजपुरी रोड → काशीनाथ मोड़ → महारानी बस स्टैंड → गेवाल बिगहा होते हुए पुनः इस्कॉन मंदिर, गयाजी पर आकर संपन्न होगा।

महाप्रसाद वितरण रहेगा विशेष आकर्षण

इस भव्य आयोजन की एक विशेष आकर्षण यह होगी कि पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा, जिससे भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिलेगा।

समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन

शोभायात्रा के समापन पर पुनः 56 भोग का अर्पण एवं आरती संपन्न होगी। इसके बाद सभी आगंतुकों एवं श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

शांति, एकता और आध्यात्मिक चेतना का संदेश

इस्कॉन गयाजी के अध्यक्ष ने कहा कि यह शोभायात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि समाज में शांति, एकता और आध्यात्मिक चेतना को जागृत करने का सशक्त माध्यम है। नगर के सभी नागरिकों, श्रद्धालुओं, युवाओं, माताओं-बहनों एवं परिवारजनों से सपरिवार उपस्थित होकर इस दिव्य अवसर का लाभ उठाने की अपील की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page