मानपुर के खंजाहापुर में संस्था को ओर से सैकड़ों बच्चों के बीच कॉपी कलम का वितरण
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 11 जनवरी 2026,
गयाजी; मानपुर प्रखंड के खंजाहापुर स्थित नारायण मैरिज हॉल में रविवार को सैकड़ों बच्चों के बीच कॉपी एवं कलम का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम नारायण एजुकेशनल एंड इकोनॉमिकल डेवलपमेंट कम्युनिटी के बैनर तले आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों ने सहभागिता की।
पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजन
कार्यक्रम के आयोजक रणविजय प्रसाद मेहता ने बताया कि यह आयोजन उनके पिता स्वर्गीय नारायण प्रसाद की 17वीं पुण्यतिथि के अवसर पर किया गया। उन्होंने कहा कि उनके पिता को बच्चों से विशेष लगाव था और वे शिक्षा को समाज की प्रगति का मूल आधार मानते थे।
शिक्षा के प्रति समर्पण की सोच
रणविजय प्रसाद मेहता ने बताया कि स्वर्गीय नारायण प्रसाद बच्चों की पढ़ाई और उनके उज्ज्वल भविष्य को लेकर सदैव गंभीर रहते थे। उसी सोच को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष 11 जनवरी को उनकी पुण्यतिथि पर बच्चों के बीच शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया जाता है।
संस्था का उद्देश्य कम खर्च में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा
संस्था से जुड़े विजय कुमार आमीन ने बताया कि नारायण एजुकेशनल एंड इकोनॉमिकल डेवलपमेंट कम्युनिटी का मुख्य उद्देश्य कम शुल्क में गरीब बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना तथा उनके सर्वांगीण विकास में सहयोग करना है।
बच्चों व अभिभावकों में खुशी
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। वहीं अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस मौके पर डॉ. उदय कुमार, सुमित कुमार, सुशांत कुमार, धीरज कुमार सहित कई समाजसेवी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम प्रेरणादायक और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।