नीमचक बथानी एसडीपीओ के बड़े भाई का असामयिक निधन, इलाज के लिए दिल्ली रवाना होने से पहले टूट गई जीवन-डोर; पूरे पुलिस महकमे में शोक

0
Screenshot_2025_1126_111946.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 04 जनवरी 2026,

गयाजी/खिजरसराय। जिले के खिजरसराय में रविवार की देर शाम एक दुखद घटना घटित हुई। नीमचक बथानी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार सिंह के बड़े भाई प्यारेलाल जी का खिजरसराय स्थित एसडीपीओ के सरकारी आवास पर ही निधन हो गया। वे पिछले कई महीनों से बीमार चल रहे थे और उनके आंत में कैंसर की शिकायत थी। वेल्लोर में उनका लगातार इलाज चल रहा था और चिकित्सकों की सलाह पर आज ही उन्हें आगे की बेहतर चिकित्सा के लिए दिल्ली ले जाने की तैयारी थी। लेकिन तभी अचानक उनकी तबियत बिगड़ी और उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।

घटना के समय एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार सिंह खिजरसराय के एक निजी होटल में आयोजित “एक शाम शहीदों के नाम” सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल थे। कार्यक्रम के अंतिम दौर में ही उन्हें सूचना मिली कि उनके बड़े भाई की स्थिति गंभीर हो गई है और कुछ ही मिनटों बाद उनकी मौत की पुष्टि हो गई। यह खबर मिलते ही कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों, कलाकारों और आम जनता के बीच शोक की लहर दौड़ गई। एसडीपीओ तुरंत कार्यक्रम से निकलकर सरकारी आवास पहुँचे। अचानक हुए इस हादसे के कारण कार्यक्रम को उसी वक्त स्थगित कर दिया गया।

परिजनों के अनुसार प्यारेलाल जी स्वभाव से बेहद सरल और शांत प्रवृत्ति के व्यक्ति थे। उन्हें घोड़ों से विशेष लगाव था और इसी वजह से वे आज तक किसी भी वाहन में सवार नहीं हुए। जहां भी जाना होता, घोड़े की ही सवारी करते थे। उनके इस अनोखे स्वभाव और आदत की चर्चा क्षेत्र में अक्सर होती थी।

देर रात एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार सिंह अपने बड़े भाई के पार्थिव शरीर को लेकर पैतृक गांव नालंदा के लिए रवाना हो गए। घटना की जानकारी फैलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर है। कई अधिकारी और कर्मियों ने फोन के माध्यम से संवेदना व्यक्त की है।
स्थानीय लोग भी इस अप्रत्याशित घटना से स्तब्ध हैं और परिवार के प्रति संवेदना प्रकट कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page