बड़ी खबर: बोधगया में होगी भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती रैली, जिला प्रशासन और सेना ने की संयुक्त समीक्षा बैठक
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 23 दिसंबर 2025,
गयाजी; गयाजी में आगामी भारतीय सेना अग्निवीर भर्ती रैली को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में भारतीय सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ) गयाजी और जिला प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण संयुक्त समन्वय सम्मेलन 23 दिसंबर 2025 को जिलाधिकारी कार्यालय, गयाजी में आयोजित किया गया।
बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने की, जबकि कर्नल आर. मधन मोहन, निदेशक भर्ती, एआरओ गयाजी ने रैली की प्रक्रियाओं और विभिन्न विभागों से अपेक्षित सहयोग पर विस्तृत प्रस्तुति दी।
4 मार्च से 20 मार्च तक होगी रैली
बोधगया के मगध विश्वविद्यालय मैदान में 04 मार्च 2026 से 20 मार्च 2026 तक अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। दक्षिण बिहार के 11 जिलों से लगभग 7000 पुरुष अभ्यर्थी इसमें हिस्सा लेंगे।
WMP (महिला सैन्य पुलिस) भर्ती भी होगी आयोजित
एआरओ गयाजी द्वारा बिहार एवं झारखंड की महिला सैन्य पुलिस भर्ती रैली भी आयोजित की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में महिला अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।
डीएम ने दिए समयबद्ध तैयारी के निर्देश
सम्मेलन में जिलाधिकारी ने सभी प्रशासनिक विभागों की तैयारियों का आकलन किया और रैली के सुचारू संचालन के लिए सभी को निर्देशित किया। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि—
🔹तैयारियां समयबद्ध हों,
🔹सेना भर्ती कार्यालय के साथ निरंतर समन्वय बना रहे,
🔹सभी अभ्यर्थियों के लिए सुरक्षित और अनुकूल वातावरण सुनिश्चित किया जाए।
रैली की तैयारियों में सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, परिवहन, पेयजल, भीड़ प्रबंधन और संचार जैसी व्यवस्थाओं को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। यह भर्ती रैली दक्षिण बिहार के युवाओं के लिए रोजगार और सैन्य सेवा में शामिल होने का एक बड़ा अवसर मानी जा रही है।