बुनियादगंज गोलीबारी मामला: आईजी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, दो पुलिस पदाधिकारी निलंबित

0
IMG-20251222-WA0007.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 22 दिसंबर 2025,

गयाजी; जिले के बुनियादगंज थाना क्षेत्र में 15 दिसंबर 2025 को जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जान मारने की नीयत से हुई गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस प्रशासन एक्शन में है। आज 22 दिसंबर 2025 को मगध रेंज के पुलिस महानिरीक्षक क्षत्रनील सिंह (भापुसे) स्वयं घटनास्थल पहुंचे और पूरे मामले की जांच की।

थानाध्यक्ष और सेक्टर पदाधिकारी निलंबित

निरीक्षण के दौरान प्रारंभिक जांच में थानाध्यक्ष तथा एक अन्य सेक्टर पदाधिकारी की लापरवाही सामने आई है जिसपर थानाध्यक्ष पवन कुमार और सेक्टर पदाधिकारी (स.अ.नि.) फिरोज अख्तर को आईजी द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। जांच में पाया गया कि दोनों अधिकारियों ने विवाद की पूर्व सूचना होने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की, जिसके कारण विवाद हिंसक रूप ले लिया था।

एडीपीओ, वजीरगंज की जांच रिपोर्ट में लापरवाही साबित

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, वजीरगंज द्वारा इस घटना की जांच की गई, जिसमें दोनों पुलिस पदाधिकारियों द्वारा कर्तव्यपालन में गंभीर लापरवाही की पुष्टि हुई। इसके आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक, गयाजी ने प्रतिवेदन भेजा, जिस पर आईजी ने तुरंत कार्रवाई की।

इस मामले में अबतक पांच गिरफ्तारी

इससे पहले पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में अबतक कुल पाँच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक, कांतेश कुमार मिश्रा, नगर पुलिस अधीक्षक, रामानंद कुमार कौशल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, वजीरगंज, सुनील कुमार पांडे सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पूछताछ करते पुलिस महानिरीक्षक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page