गया-पटना मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने युवक को कुचला, मौत के बाद सड़क जाम

0
Screenshot_2026_0319_215133.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 19 मार्च 2026,

गयाजी; जिले के खिजरसराय थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना गया-पटना मुख्य मार्ग पर नौडीहा गांव के पास सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान नौडीहा गांव निवासी ईश्वर चौधरी के रूप में हुई है।

तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने रौंदा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खिजरसराय की ओर से तेज गति से आ रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे मौजूद युवक को कुचलते हुए पास के गड्ढे के पास जमा मिट्टी में धंस गया। हादसे के बाद युवक मिट्टी के नीचे दब गया। करीब एक घंटे बाद जेसीबी की मदद से ट्रक हटाया गया और युवक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना के बाद मुख्य सड़क को किया जाम

हादसे से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने गया-पटना मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। लोग मुआवजे की मांग के साथ उचित कार्रवाई की मांग कर रहे थे

पुलिस के समझाने पर खुला जाम

घटना की सूचना मिलते ही खिजरसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण वरीय अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। बाद में नीमचक बथानी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और मुआवजे का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। इसके बाद जाम हटाया गया।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page